
सीएम योगी GIDA कार्य्रकम में (सोर्स: अनूप शुक्ला)
GIDA 37 foundation day: गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए पुराने संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि 2004-05 में गीडा में उद्योग नहीं लग रहे थे। उस समय सपा सरकार ने यहां बूचड़खाना खोलने के लिए जबरन जमीन पर काम शुरू कराया था। उन्होंने सांसद रहते इसका विरोध किया और सहजनवां के कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन किया। स्पष्ट कहा था कि गोरखपुर बूचड़खाना स्वीकार नहीं करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई दिनों तक संघर्ष चला और अंततः आंदोलन सफल हुआ। आज वह जमीन खाली है। अन्नदाता किसानों को सम्मानजनक मुआवजा मिला और वहां लिंक एक्सप्रेसवे बना। उन्होंने गीडा में लगे औद्योगिक स्टॉलों और एक जिला एक व्यंजन योजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
समारोह में सांसद रविकिशन ने कहा कि पहले गीडा में न फैक्ट्री थी और न रोजगार। उद्यमी यहां से पलायन करते थे। सपा सरकार के समय यहां कब्रिस्तान बनाने की योजना थी। आज गोरखपुर में देश-विदेश की बड़ी कंपनियां निवेश कर रही हैं। उन्होंने बताया कि 17,650 करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे। यहां ट्रेनिंग सेंटर भी बनेगा, जिससे युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ा जाएगा।
रविकिशन ने कहा कि बेहतर सुरक्षा और कनेक्टिविटी के कारण बड़े निवेशक गोरखपुर आ रहे हैं। पहले बेटियों की पढ़ाई को लेकर अभिभावक चिंतित रहते थे, लेकिन अब शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार में परिवारवाद के बजाय मेहनत और योग्यता को महत्व दिया जा रहा है।
सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर श्रद्धांजलि देने के लिए मंच से लोगों से एक मिनट का मौन रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में गोरखपुर की बड़ी भूमिका होगी। साथ ही महिला आरक्षण और परिसीमन का भी जिक्र किया।
राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि गीडा के 37 वर्ष पूरे होना पूर्वांचल के औद्योगिक विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आर्थिक प्रगति कर रहा है। अब युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनेंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के चलते विदेशी उद्यमी भी गोरखपुर में उद्योग लगाने के इच्छुक हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
29 Nov 2026, 3:54 PM IST
Published on:
29 Nov 2026, 3:54 PM IST
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश




