
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण किया। ध्वज का आरोहण करते हुए सीएम योगी ने कहा कि तिरंगा भारत के आन बान शान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर जनपद एक नई दिशा की ओर अग्रसर है। यहां एम्स की स्थापना, फर्टिलाइजर, रामगढ़ताल का सौदर्यीकरण, मेट्रो से जुड़ने के साथ विश्वविद्यालय में 100 फीट ऊंचे तिरंगे की स्थापना एक नई कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा गुणवत्तायुक्त, सदाचार के साथ संस्कारों से जुड़े महत्वपूर्ण है और राष्ट्रीयता से जुड़े यह अति महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा प्रदेश है यह प्रकृति व परमात्मा की असीम कृपा वाला प्रदेश है। इस प्रदेश में भगवान बुद्ध, संतकबीर का जन्म और परिनिर्वाण हुआ। यह प्रदेश क्रांतिकारियों की भूमि है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने में जन सहयोग आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं के शत प्रतिशत क्रियान्वयन में जन सहभागिता परम आवश्यक है। शहर को सुन्दर, स्वच्छ बनाने में सभी को सहयोग करना होगा तभी देश/प्रदेश ओडीएफ घोषित होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वास्थ्य एवं समृद्धि का कारण होता है। समस्त जन इसका हिस्सा बनें। गोरखपुर स्वच्छ सुन्दर जनपद/महानगर के रूप में पहचाना जाये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में दुनिया के 192 देशों में मनाया जायेगा। योग से व्यक्ति निरोग व स्वस्थ्य रहता है इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इसका हिस्सा बनना चाहिए।
स्वागत उद्बोधन कुलपति प्रो. विजयकृष्ण सिंह ने किया तथा संचालन प्रो. रविशंकर सिंह ने किया।
इस मौके पर विधायक, महापौर, जिलाध्यक्ष सहित अन्य जन प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।