गोरखपुर में राजघाट से डोमिनगढ़ तक हर्बर्ट बांध के चौड़ीकरण कार्य पर 195 करोड़ रुपए खर्च होंगे। डोमिनगढ़ में रेलवे लाइन पर रेल ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसके जरिए लोग डोमिनगढ़ से माधोपुर की ओर जा सकेंगे। सेतु निगम व रेलवे मिलकर यह रेल ओवरब्रिज बनाएंगे। इसकी लागत 132 करोड़ रुपए होगी। इसी तरह माधोपुर बांध पर मानीराम तक 10 किलोमीटर तक फोरलेन निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर 380 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
गोरखपुर में अपने प्रवास के तीसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हर्बर्ट बांध का निरीक्षण किया। इसके बाद ही राप्ती नदी के किनारे राजघाट से जंगल कौड़िया के पास तक 4.20 किमी बनाए जा रहे फोरलेन को भी देखा। उन्होंने कहा- फोरलेन बन जाने से नेपाल रोड तक पहुंचना आसान होगा। इस योजना पर लगभग 216 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इसमें 195 करोड़ रुपए निर्माण पर जबकि शेष रकम मुआवजे के रूप में दी जाएगी।
इस परियोजना का निर्माण तीन चरणों में होगा। प्रथम चरण मे राजघाट से डोमिनगढ़ तक बंधे को फोरलेन बनाया जाएगा। दूसरे चरण में डोमिनगढ़ में रेलवे लाइन पर रेल ओवरब्रिज बनाया जाएगा। तीसरे चरण में माधोपुर तटबंध पर मानीराम तक फोरलेन सड़क का निर्माण होगा। सभी चरणों के काम एक साथ होंगे। पीडब्ल्यूडी कीओर से यह काम कराया जा रहा है और निर्माण कार्य शुरू भी कर दिया गया है। रेगुलेटर से जुडे काम सिंचाई विभाग की ओर से कराया जा रहा है। यह परियोजना कुल 707 करोड़ रुपए लागत की है। 26 नवंबर 2024 से ही इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। 25 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसके लिए अब तक 195 करोड़ रुपए से अधिक अवमुक्त किए जा चुके हैं।