श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब से जुडे़ स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करके सच्चे अर्थों में श्रद्धांजलि अर्पित की है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने क्षेत्रीय कार्यालय पर अनुसूचित जाति मोर्चा के क्षेत्रीय पदाधिकारी तथा मोर्चा के जिलाध्यक्षों के साथ पंचायत चुनाव तथा आगामी विधानसभा चुनाव की पूर्व तैयारियों को लेकर संवाद किया।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा को विपक्ष के द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम को समाप्त करने का काम करना है। समाजवादी पार्टी ने अनुसूचित जाति वर्ग के साथ अन्याय और अत्याचार की पराकाष्ठाएं पार की। सपा सरकार के समय अनुसूचित जाति वर्ग के मकान, दुकान, खेत, खलिहान पर जबरन अवैध कब्जे किये गए। उन्हें सरेराह और सरेआम अपमानित किया गया, झूठे मुकदमों में फंसाया गया। उत्तर प्रदेश ने सपा सरकार में जातिवाद तथा तुष्टिकरण की राजनीति का घिनौना रूप देखा है। सपा सरकार में मां, बहन, बेटियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया था।
श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर को चुनाव हराने का काम किया। उनका अन्तिम संस्कार दिल्ली में नहीं होने दिया, उन्हें भारत रत्न नहीं दिया। जबकि सपा के मंच से अखिलेश यादव की उपस्थिति में बाबा साहेब को भू-माफिया कहा गया। सपा और कांग्रेस ने बाबा साहेब के अनादर और अपमान करने का महापाप किया है। पूरा देश कांग्रेस और सपा से बाबा साहेब के अपमान का बदला लेगा।
बाबा साहेब के सर्वजनहिताय के सिद्धान्त पर भाजपा की केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार सबको साथ लेकर सबके विश्वास के साथ सबका विकास कर रही है। योगी जी के नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश में भयमुक्त वातावरण है। अनुसूचित जाति वर्ग सहित प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान सुरक्षित है। घर, मकान, दुकान, खेत-खलिहान तथा मां, बहन, बेटी का सम्मान सुरक्षित है। श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सतत सम्पर्क एवं सतत संवाद के माध्यम से जनता के बीच पहुंचे। हमें सपा तथा कांग्रेस के अन्याय और अत्याचार के काले कारनामें जनता के बीच पहुंचाकर उनके द्वारा फैलाए गए झूठ और भ्रम को समाप्त करना है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व की भाजपा सरकारों के लोकहितकारी कार्यों के साथ जनसंवाद करना है। इस संवाद कार्यक्रम को क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कन्नौजिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष चंदू सरोज, महामंत्री दीपक कुमार ने संबोधित किया।