गोरखपुर

Encounter यूपी पुलिस के एनकाउंटर में पचास हजार के दो इनामी पकड़े गए, चार घायल

रविवार को झंगहा के नई बाजार में व्यापारी दिनेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी

2 min read
encounter 3

गोरखपुर। झंगहा क्षेत्र में व्यापारी दिनेश की दिनदहाड़े हुई हत्या के दो और आरोपियों को पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस का दावा है कि खोराबार के रामनगर कड़जहा में सुबह चार बजे मुड़भेड़ के दौरान इनामी मनीष यादव व संदीप यादव हिरासत में लिए गए हैं। दोनों को पुलिस की गोली लगी है। दोे पुलिसवालों के घायल होने की भी सूचना है।

मेडिकल काॅलेज में इनका इलाज पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा। दो दिन पहले आईजी मोहित अग्रवााल ने फरार दोनों आरोपियों पर इनाम की रकम बढ़ाते हुए 50 हजार कर दी थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार व्यापारी दिनेश हत्याकांड के आरोपी मनीष यादव व संदीप यादव शुक्रवार की अलसुबह करीब चार बजे नई बाजार के प्रधान मंटू यादव के घर पर चढ़कर गाली देते हुए फायरिंग करने लगे। प्रधान ने इसकी सूचना 100 नंबर पर दी। जब 100 नंबर की गाड़ी पहुंची तो ये दोनों पुलिस पर भी फायरिंग करते हुए भाग निकले। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों को पकड़ने के लिए अफसरों की अगुवाई में कई थानों की फोर्स लगाई गई। पुलिस का दावा है कि रामपुर कडजहा फोरलेन के पास दोनों बदमाशों को घेर लिया गया। इन लोगों ने फायर कर दिया। जबावी फायरिंग में दोनों घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया है।

रविवार को झंगहा थानाक्षेत्र के नई बाजार में हुई थी व्यापारी की हत्या

झंगहा थानाक्षेत्र के नई बाजार में दिनेश हार्डवेयर की दुकान थी। रविवार की दोपहर में अचानक से असलहाधारी बदमाशों ने उनकी दुकान पर धावा बोल दिया। जबतक दिनेश कुछ समझते बदमाशों ने ताबड़तोड़ कई गोलियां बरसा दी। गोली मारने के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर आसपास के व्यापारी जब पहुंचे तो दिनेश खून से लतपथ वहीं तड़प रहे थे।
आनन फानन में लोगों ने व्यापारी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका। देर शाम को पुलिस द्वारा बताया गया कि दिनेश की हत्या पुरानी रंजिश में की गई है। राघोपट्टी के ही मनीष यादव, संदीप यादव, गणेश व मुन्ना दुकान में पहुंचे और असलहे से गोली मार दी। एसएसपी के मीडिया सेल द्वारा जारी बयान में बताया गया है कि इस प्रकरण में चार नामजद अभियुक्तों पर आईपीसी 302/34 व 7 क्रिमिनल एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। दो नामजद अभियुक्तों को हिरासत में भी लिया गया था। अभियुक्त मनीष यादव पर एसएसपी ने 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। बुधवार को आईजी मोहित अग्रवाल ने आरोपी मनीष यादव व उसके भाई संदीप यादव पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित किया। इसके अलावा झंगहा थानेदार व नई बाजार चैकी इंचार्ज को भी लाइन हाजिर कर दिया गया था।

Published on:
02 Feb 2018 11:27 am