गोरखपुर

गोरखपुर में गरीब हिंदुओं को बहलाफुसलाकर धर्म परिवर्तन!

  शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ा

2 min read
hindu yuva vahini
हिंदू युवा वाहिनी

गोरखपुर में एक बार फिर धर्म परिवर्तन की आशंका में पुलिस को एक गांव में हस्तक्षेप करना पड़ा। आरोप था कि कुछ दिनों से गांव में कुछ लोग आकर हिंदू धर्म की बुराई कर रहे हैं और दूसरा धर्म अपनाने का दबाव बना रहे हैं। धर्म परिवर्तन की खातिर ही रविवार को प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। लेकिन गांव के ही कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए पुलिस केा सूचित कर दिया। सूचना पर चैकन्नी हुई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फौरी तौर पर पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। हंगामा करने वाले हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि हिंदू धर्म का अपमान करते हुए गरीबों को मिशनरी के लोग भड़काकर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहे।
जिले के गुलरिहा क्षेत्र के रघुनाथपुर के भगवानपुर टोला पर रविवार को प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम के बाबत कुछ लोगों ने हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। हियुवा के लोगों को बताया गया कि हरिजन बस्ती में अनिल नामक व्यक्ति के घर में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। जानकारी होते ही हियुवा के लोग गांव में पहुंचे और अनिल के घर को चारों ओर से घेर लिया ताकि कोई भागने न पाए। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद चैकी प्रभारी भटहट पीके सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां से पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। शक के आधार पर हिरासत में लिए गए लोगों के समर्थन में गांव की महिलाएं आ गई। पुलिस के लोग किसी तरह पांचों को चैकी लेकर पहुंचे। इसी के साथ आला अधिकारियों को भी इत्तला दे दी गई।
मामला संवेदनशील होने की वजह से एसपी नार्थ रोहित सिंह सजवान, सीओ क्राइम आदि मौके पर पहुंच गए।
अधिकारियों ने लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि अनिल के घर प्रत्येक रविवार को काफी संख्या में महिलाएं-पुरुष एकत्र होकर विशेष धर्म की प्रार्थना करते हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा की आड़ में ये लोग बहलाफुसलाकर धर्म परिवर्तन भी कराते हैं। गांव के लोग इस बाबत कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों ने धर्म परिवर्तन कराए जाने की बात से इनकार किया।

Published on:
17 Sept 2018 02:34 am