रामगढ़ ताल थानाक्षेत्र में लगातार अपराधिक घटनाओं से क्षेत्र में दहशत फैलती जा रही है। अभी दिनदहाड़े युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को कुछ दिन ही बीते की एक बार फिर वर्चस्व को लेकर यूको के दो गुटों में विवाद हो गया, इस दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
बुधवार को आपसी विवाद में 12वीं में पढ़ने वाले, राजघाट के बसंतपुर मोहल्ला निवासी सावन कुमार की रामगढ़ताल क्षेत्र के चिड़ियाघर के पास चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अपराह्न तीन बजे हुई घटना के बाद पुलिस घायल सावन को जिला अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टर ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।इलाज के दौरान शाम चार बजे उसकी मौत हो गई।मामले में सावन के पिता रमेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों, रामगढ़ गांव के विनय यादव, वीरू निषाद और अरुण निषाद पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। रामगढ़ताल थाने की पुलिस ने दो आरोपियों विनय और वीरू को गिरफ्तार भी कर लिया है। एक आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, रामगढ़ताल क्षेत्र के रामगढ़ गांव के अमन और आकाश में विवाद चल रहा है। कई बार दोनों की आमने-सामने झड़प भी हो चुकी है। बुधवार को अमन के मामा मंझरिया निवासी अजीत, सावन और पांच छह अन्य लड़कों के साथ आकाश के दोस्तों को समझाने गए थे। आकाश के दोस्त वीरू, विनय और अरुण चिड़ियाघर के पास एक दुकान पर बैठकर चाय पी रहे थे। वहां पहुंचा अजीत वीरू, विनय और अरुण निषाद को आकाश के साथ रहने से मना करने लगा।
बातचीत करते-करते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अजीत और अन्य युवक भाग गए। वीरू, विनय और अरुण ने मिलकर सावन को पकड़ लिया और उसके पेट और पीठ पर कई बार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस सावन को बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, वीरू को भी पैर में चाकू लगा है। उसका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया की चिड़ियाघर के पास एक दुकान में मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। बहुत जल्द तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।