
NE रेलवे की ट्रेनें अगले वर्ष से भटनी से प्रयागराज तक डबल लाइन पर दौड़ेंगी। भटनी से औड़िहार तक 117 किमी रेल लाइन पर लगभग 60 किमी लाइन का दोहरीकरण पूरा हो गया है।शेष 57 किमी के दोहरीकरण का कार्य भी तेज है। तुर्तीपार स्टेशन के पास सरयू नदी पर भी पुल का निर्माण चल रहा है।बनारस से प्रयागराज तक डबल लाइन पहले ही बिछ चुकी है। झूसी से प्रयागराज के बीच गंगा पुल का निर्माण अंतिम चरण में है। दिसंबर 2024 तक यह पुल भी खुल जाएगा। महाकुंभ में प्रयागराज तक ट्रेनों का संचालन और सुगम हो जाएगा।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार भटनी-औड़िहार खण्ड (117 किमी) दोहरीकरण परियोजना के अन्तर्गत किड़िहरापुर-इन्दारा (12.98 किमी),सादात-औड़िहार (18.21 किमी), भटनी-पिवकोल (5.25 किमी), बेलथरा रोड-किड़िहरापुर (13.85 किमी) सहित अब तक कुल 50.29 किमी कार्य पूरा हो गया है।
जखनिया-सादात- पिपरीडीह- दुल्लहपुर (39.18 किमी) एवं पिवकोल-सलेमपुर-लार रोड-बेलथरा रोड (27.53 किमी) के दोहरीकरण का कार्य विद्युतीकरण सहित प्रगति पर है, जिसके पूरा हो जाने पर भटनी-औड़िहार (117 किमी) पूरा रेल खण्ड दोहरीकृत हो जाएगा। दोहरीकरण परियोजना की कुल लागत 2529.46 करोड़ रुपये है। वर्ष 2024- 25 के बजट में इस परियोजना को पूरा करने के लिए 413.33 करोड़ का आवंटन किया गया है।दोहरीकरण का कार्य पूर्ण हो जाने पर ट्रैक क्षमता बढ़ जाएगी। ट्रेनों का समय पालन दुरुस्त होगा। यात्रियों की मांग के अनुसार अन्य अतिरिक्त गाड़ियां भी चलाई जा सकेंगी। इस क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा।