23 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गोरखपुर में 18 बूथों पर सुबह आठ बजे से वोटिंग, 16 प्रत्याशी मैदान में; मतपत्र पर वरीयता के आधार पर देना होगा वोट

Gorakhpur voting: शिक्षक MLC चुनाव में मतदान जारी, 17 जिलों के 54,910 वोटर करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

गोरखपुर

•

image

anoop shukla

•

Updated: 23 Oct 2026, 10:15 AM IST

Up news, mlc election

वोटिंग केंद्र का दृश्य( सोर्स: अनूप शुक्ला)

UP MLC election 2026: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। इस चुनाव में 17 जिलों के 54,910 शिक्षक मतदाता 16 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। गोरखपुर जिले के 18 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो शाम चार बजे तक चलेगी। मतदान को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार शाम तक सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई थीं।

भाजपा और सपा में कांटे की लड़ाई

चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी और सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के बीच मुकाबले पर विशेष नजर है। इनके अलावा अजय सिंह, डॉ. राकेश सिंह, राजीव यादव, सत्यपाल सिंह, डॉ. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी, निरंकार राम त्रिपाठी, अजीत कुमार सिंह, देव भास्कर तिवारी, राजेश पांडेय, शिव श्याम यादव, दिनेश कुमार मिश्र, पंकज कुमार, राकेश कुमार तिवारी और राम प्रताप राम भी चुनाव मैदान में हैं।

ईवीएम नहीं, मतपत्र से हो रहा मतदान

शिक्षक एमएलसी चुनाव में ईवीएम के बजाय मतपत्र और मतपेटिका का इस्तेमाल किया जा रहा है। मतदाताओं को प्रत्याशियों के नाम के सामने अपनी पसंद के क्रम में वरीयता दर्ज करनी होगी। पहली पसंद के लिए ‘1’, दूसरी के लिए ‘2’ और इसी क्रम में आगे की वरीयता लिखी जा सकती है। इसके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से उपलब्ध कराई गई कलम का ही इस्तेमाल करना अनिवार्य है। निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने पर मतपत्र अवैध हो सकता है।

डीएम ने मतदान की तैयारियों का लिया जायजा

सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने गुरुवार को पोलिंग पार्टियों के रवाना होने के स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चुनाव की जिम्मेदारी प्रशिक्षित कर्मचारियों को सौंपी गई है। मतदान के बाद मतपेटिकाओं को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। डीएम ने स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मतदान और मतगणना तक शराब की दुकानें बंद

चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान और मतगणना स्थल के आठ किलोमीटर के दायरे में शराब की दुकानों और बार को बंद रखने का आदेश दिया गया है। 23 अक्टूबर को मतदान समाप्त होने तक और 27 अक्टूबर को मतगणना पूरी होने तक देशी-विदेशी शराब, बीयर, कंपोजिट और मॉडल शॉप के साथ ताड़ी-भांग की दुकानों तथा होटल, क्लब और रेस्टोरेंट के बार भी बंद रहेंगे।

आजमगढ़ में सबसे अधिक शिक्षक मतदाता

17 जिलों में सबसे अधिक 8,592 शिक्षक मतदाता आजमगढ़ में हैं, जबकि गोरखपुर 7,289 मतदाताओं के साथ दूसरे स्थान पर है। अन्य जिलों में मऊ में 5,131, देवरिया में 4,278, महराजगंज में 3,572, कुशीनगर में 3,496, अयोध्या में 3,084, आंबेडकरनगर में 2,891, गोंडा में 2,805, सिद्धार्थनगर में 2,787, सुल्तानपुर में 2,679, बस्ती में 2,045, बहराइच में 1,636, संतकबीरनगर में 1,540, अमेठी में 1,099, श्रावस्ती में 1,004 और बलरामपुर में 982 मतदाता हैं।

शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक बनाए गए मतदान केंद्र

गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में डीएवी इंटर कॉलेज, दीवान बाजार; अभय नंदन इंटर कॉलेज, भेड़ियागढ़; रफी अहमद किदवई इंटर कॉलेज, पड़हा (मोहद्दीपुर); दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय; डीएवी डिग्री कॉलेज, नसीराबाद; राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज और तुलसीराम इंटर कॉलेज, रायगंज में मतदान की व्यवस्था की गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बापू इंटर कॉलेज, पीपीगंज और कैंपियरगंज, सहजनवां, खजनी, उरुवा, गगहा व गोला के क्षेत्र पंचायत कार्यालयों पर मतदान हो रहा है। इसके अलावा चरगावां और पिपराइच के पंचायत कार्यालयों तथा चौरीचौरा और बांसगांव तहसील कार्यालयों को भी मतदान केंद्र बनाया गया है।