GST की टीम ने बुधवार को दो जगहों से माल जब्त कर लिया। अघोषित गोदाम पर रखे पान मसाला के 200 बोरे और ई-वे बिल नहीं होने पर 8 लाख की लागत का मोबाइल व एसेसरीज जब्त कर लिया है। बोरों में रखे माल की गणना जारी है जबकि मोबाइल व्यापारी से ढाई लाख टैक्स जमा करवाया गया है।
GST टीम ने बुधवार को गोरखपुर में बड़ी कार्रवाई की है। बिना ईवे बिल के टीम ने करीब 8 लाख के मोबाइल फोन समेत करीब 25 लाख रुपए की मोबाइल एसेसरीज जब्त कर लिया।जब्त मोबाइल फोन और एसेसरीज दिल्ली से कार में भरकर बलदेव प्लाजा के एक व्यापारी की दुकान पर सप्लाई करने के लिए लाई जा रही थी। टीम ने कार का गीडा से लेकर गोलघर तक पीछा किया। गाड़ी जैसे ही बलदेव प्लाजा में माल उतारने लगी, वैसे ही माल को जब्त कर लिया गया।
छापे के समय बलदेव प्लाजा की ज्यादातर दुकानें बंद हो गई हैं। जांच के दौरान टीम ने मौके पर जब कार सवारों से माल का कागज मांगा तो वे बिल तो दिखा पाए, लेकिन ईवे बिल नहीं दिखा सके। इसके बाद टीम ने पूरा माल जब्त कर लिया।हालांकि, GST अफसरों का दावा है कि यह माल उन्होंने टाउनहाल के पास से बरामद किया है। जबकि, बलदेव प्लाजा के दुकानदारों के मुताबिक, GST टीम ने प्लाजा के ATS लेन से यह माल बरामद किया है। जिसका दुकानदारों के पास CCTV फुटेज भी मौजूद है।
GST अफसरों के मुताबिक, यह माल दिल्ली से बिना किसी कागजात के मंगाया गया था। माल दिल्ली से स्लीपर बस के माध्यम से मंगाया गया था। GST अफसर माल जब्त कर GST दफ्तर ले गए। इसके बाद व्यापारी से 2.50 लाख रुपए पेनाल्टी जमा कराई।एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-दो संजय कुमार ने बताया- अवैध कारोबारियों पर विभाग की पैनी नजर है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। जो भी बिना कागजात के कारोबार करते पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।