
गोरखपुर। भारतीय रेलवे अपने यात्रियों को सुविधाएं देने के लिए अपने नियमों में आए दिन कुछ न कुछ बदलाव करता रह रहा। अब रेलवे के यात्रियों को आरक्षण फार्म में कई सहूलियतें दी गई हैं ताकि उनको आरक्षण कराते वक्त कोई दिक्कत न हो सके। यात्री सुविधाओं को देखते हुए रेलवे ने कई अहम बदलाव कर दिए हैं। गर्भवती महिलाएं अगर रेलयात्रा कर रहीं तो वे आरक्षण फार्म में इसकी जानकारी दे सकेंगी ताकि उनको सहूलियत के मुताबिक बर्थ आवंटित हो सके। ट्रांसजेंडर के लिए भी काॅलम अब आरक्षण फार्म में होगा। आरक्षण फार्म में यह बदलाव आनलाइन और आफलाइन दोनों के लिए किया गया है।
दरअसल, भारतीय रेलवे में कई आमूलचूल परिवर्तन किए गए हैं। साफ्टवेयर में बदलाव कर यात्रियों को आरक्षण कराते वक्त विस्तृत विवरण भरने में आसानी हो सकेगी।
आरक्षण फार्म आॅनलाइन या आॅफलाइन दोनों में अब कई सुविधाएं होंगी। इससे यात्रियों को आरक्षण कराते समय कोई दुविधा नहीं होगी। जैसे यदि कोई गर्भवती महिला रेलयात्रा करना चाहती है तो आरक्षण फार्म में उसके लिए विकल्प होगा। वह अपने लिए लोअर बर्थ मांग सकेगी। इसके लिए फार्म में काॅलम बाकायदा जोड़ दिया गया है। यही नहीं यदि आपकेसाथ छोटे बच्चे यात्रा कर रहे और उनकी उम्र 5 साल से अधिक है और 12 साल से कम तो उनके लिए आप बर्थ लेना चाहते या नहीं, यह विकल्प भी आरक्षण फार्म में ही उपलब्ध होगा। आपको बस उस काॅलम में हां या ना भरना होगा।
इसके अलावा अगर कोई वरिष्ठ नागरिक आरक्षित श्रेणी में यात्रा कर रहा तो वह आरक्षण में मिलने वाली रियायत को लेना चाहते हैं या नहीं,यह भी विकल्प रेलवे उपलब्ध करा रहा। आरक्षण फार्म में जोकि आॅनलाइन या आॅफलाइन दोनों में यह विकल्प चुनने के लिए काॅलम होगा। नए आरक्षण फार्म में तीसरे जेंडर का भी काॅलम है। अब इनको भी दूसरे जेंडर को चुनने की मजबूरी नहीं होगी।