गुरुवार को गोरखपुर के राजघाट थानाक्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक कर्मचारी से दिन दहाड़े 25 लाख के जेवर की लूट कर बदमाश फरार हो गए।
गोरखपुर के राजघाट थानाक्षेत्र के बसंतपुर में गुरुवार को हॉलमार्किंग कर्मचारी से 25 लाख के जेवर लूट कर बदमाश फरार हो गए। कर्मचारी 256.880 ग्राम सोना मछली गली से तीन सर्राफा दुकानों से लेकर लौट रहा था।
जानकारी के मुताबिक समीर कशवाहा नाम का कर्मचारी हॉलमार्किंग सेंटर के लिए जेवर इकट्ठा कर मछली गली से गुजर रहा था। इसी दौरान एक युवक पैदल उसके पास आया और अचानक धक्का देते हुए हाथ से झोला छीन लिया। झोले में तीन दुकानों से लिए गए सोने के गहने थे। झोला छीनने के बाद बदमाश कुछ दूर भागा और पहले से खड़ी बाइक पर सवार अपने दो साथियों के साथ फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से कर्मचारी भी सकते में आ गया और शोर मचाने लगा।
शोर सुनकर आसपास के दुकानदार घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दिए। घटना के बाद राजघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के CCTV कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक समीर के पास आता है, उसे धक्का देता है और झोला छीनकर भागता है। थोड़ी ही दूरी पर बाइक पहले से खड़ी थी, जिस पर दो अन्य बदमाश उसका इंतजार कर रहे थे।
बुधवार को समीर कशवाहा ने तीन दुकानों से कुल 256.880 ग्राम सोने के गहने एकत्र किए थे। यह गहने वह सेंटर में जमा करने जा रहा था कि रास्ते में यह लूट हो गई।घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। CO कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल किए। SP सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि CCTV फुटेज से अहम सुराग हाथ लगे हैं। बदमाशों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लूटकांड कर पर्दाफाश कर लिया जाएगा।