एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूट
गोरखपुर.योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार भले ही कानून व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा कर रही है, लेकिन हकीकत इससे कोसों दूर है। अपराधी बेख़ौफ़ हो लगातार पुलिस के इकबाल को चुनौती दे रहे। मुख्यमंत्री में जिले में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से ढाई लाख की लूट हुई।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास के व्यवसायी सकते में हैं। लोगों के सामने कनपटी पर पिस्टल सटाकर दिनदहाड़े लूट को अंजाम देने वाले अपराधियों ने न सिर्फ लोगों में दहशत पैदा किया बल्कि अपराधियों और अपराध पर नियंत्रण करने को हर कार्रवाई करने का दावा करने वाली पुलिस को भी चुनौती दी है। हालांकि, लूट की सूचना के फ़ौरन बाद ही पुलिस पहुंच गई और जल्द अपराधियों के पकड़ने का दावा भी कर रही।
गोला थाना क्षेत्र के रामनगर चौराहे पर भारतीय स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र है। इसे पांडेयपार गांव के निवासी विरेंद्र यादव संचालित करते हैं। रोज की भांति वह सोमवार को भी आये लोगों को सेवा दे रहे थे। सुबह लगभग 11 बजे कुछ बदमाश आये। आते ही उनलोगों ने संचालक वीरेंद्र को काबू में करने के लिए ग्राहकों के सामने ही पिस्टल निकाल ली। सब सकते में आ गए। जबतक कोई कुछ समझता उसके पहले बदमाशों ने संचालक की कनपटी पर पिस्टल सटा दी। इसके बाद सेवा केंद्र की तिजोरी को खंगाल डाला। वहां से ढाई लाख रुपये नकद लूट लिया। इसके साथ ही संचालक का मोबाइल व लैपटॉप भी लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश असलहा लहराते भाग निकले। उनके कब्जे से मुक्त होते ही संचालक ने तत्काल पुलिस को फ़ोन किया। पुलिस के लोग मौके पर जांच पड़ताल में जुटे हुए थे।
by Dheerendra V Gopal