गोरखपुर

BJP सांसद से नाराजगी भुनाने में लगे विपक्षी… राहुल, प्रियंका, अखिलेश करेंगे दौरा

बांसगांव लोकसभा सीट से BJP सांसद कमलेश पासवान के चौतरफा विरोध के माहौल को भुनाने में इंडी गठबंधन कोई कोर कसर नही छोड़ना चाह रहा है। इस सीट पर मतदान एक जून को होना है। यहां जल्द ही राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव का दौरा होने वाला है।

2 min read
May 22, 2024

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण एक जून को बांसगांव में मतदान होना है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं ने बांसगांव लोकसभा का रुख करना शुरू कर दिया है। 23 मई को छठे चरण का प्रचार खत्म होने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव समेत अन्य नेताओं के बांसगांव पहुंचने की योजना बननी शुरू हो गई है।

प्रियंका गांधी वाड्रा 25 मई को बांसगांव लोकसभा क्षेत्र में जनसभा के लिए आ सकती है। राहुल गांधी व अखिलेश यादव 27 मई को आ सकते हैं। वरिष्ठ नेताओं के आने के संकेत मिलने के बाद कांग्रेस और सपा ने तैयारी तेज कर दी है।

आइएनडीआइ गठबंधन में बांसगांव लोकसभा सीट कांग्रेस को दी गई है। इस सीट पर भाजपा के तीन बार के सांसद कमलेश पासवान हैं तो उनके मुकाबले कांग्रेस के प्रत्याशी सदल प्रसाद हैं। मुस्लिम-यादव के साथ ही कांग्रेस व सपा का पूरा जोर सोशल इंजीनियरिंग पर है।

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह कहते हैं कि गोरखपुर मंडल की सभी छह सीटों पर गठबंधन के प्रत्याशी मजबूत स्थिति में हैं। भाजपा की नीतियों को अब कोई बर्दाश्त नहीं करना चाह रहा है। गठबंधन के प्रत्याशियों को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी, अखिलेश यादव मंडल में आ सकते हैं। इसके लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

बांसगांव में सवर्ण मतदाताओं की सत्ता पक्ष के सांसद से नाराजगी भुनाने में सभी विपक्षी दल जुटे हुए हैं। इसके लिए सवर्ण नेताओं को मैदान में उतारा गया है। चूंकि सदल प्रसाद बांसगांव लोकसभा सीट से चौथी बार मैदान में हैं और इससे पहले वह बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ते रहे हैं, ऐसी स्थिति में गठबंधन के नेता मान रहे हैं कि बसपा के कैडर वोट सदल प्रसाद को जरूर मिलेंगे।

दलित और सर्वणों का समीकरण साधने के लिए पिछले दिनों कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बांसगांव के कौड़ीराम पहुंचे तो उनके साथ बांसगांव की सुप्रिया सिंह श्रीनेत भी थीं।

प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी व अखिलेश यादव के आने के संकेत मिलने के बाद तैयारियों की जिम्मेदारी प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने अपने हाथों में ले ली है। उनके साथ राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल भी रहेंगे। 22 मई को कौड़ीराम के अमृत लान में सभा की सफलता के लिए बैठक भी होगी। जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने कहा कि बैठक में सभा स्थल का चयन कर लिया जाएगा।

Published on:
22 May 2024 08:46 am
Also Read
View All

अगली खबर