गोरखपुर के रामगढ़ ताल थानाक्षेत्र के एक होटल में बिटक्वाइन में इन्वेस्ट करने के लिए वेबिनार आयोजित किया गया था जिसमें सम्मिलित होने के लिए लोगों को बुलाया गया था।
सोमवार को रामगढ़ताल थाना पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी और बिटकॉइन में दोगुना मुनाफा दिलाने के झांसा देकर करोड़ों रुपये एंठने वाले दो जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने एक लैपटॉप और दो मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस की जांच पड़ताल में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी वेबिनार आयोजित कर निवेशकों से अवैध रूप से धन इकट्ठा किया था।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों की पहचान देवरिया के खामपार बहोरवा संजीव कुमार कुशवाहा और देवरिया के ही गौरीबाजार बन्सहिया निवासी अंकित श्रीवास्तव के रूप में हुई है। रूम में मौजूद दो अन्य लोग बैकुन्ठपुर जिला गोपालगंज बिहार निवासी मनोज दीक्षित और सीधारी पूर्वी थाना सिधारी जिला आजमगढ़ निवासी श्रवण कुमार भी थाने लाए गए।
रामगढ़ताल थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसी सूचना मिली कि कुछ लोग होटल कृष्णा पैलेस के रूम नंबर 315 में लोगों को बिटकॉइन निवेश के नाम पर आकर्षक लाभ का झांसा देकर रकम ले रहे हैं।
सूचना मिलते ही टीम ने होटल पहुंचकर रूम खोलवाया। वहां देवरिया के खामपार बहोरवा संजीव कुमार कुशवाहा सफेद शर्ट में लोगों को निवेश के बारे में समझा रहा था। जबकि जबकि देवरिया के गौरीबाजार बन्सहिया निवासी अंकित श्रीवास्तव ने निवेशकों को स्कीम बताने के लिए बुलाया था।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे निवेश में अधिक लाभ का झांसा देकर लोगों से पैसा जमा करवाते थे। आरोपियों ने निवेश से संबंधित कोई पंजीकरण या वैध दस्तावेज पेश नहीं किया।
पुलिस आरोपियों के बयान के आधार पर गैंग के अन्य सहयोगियों की तलाश शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी, विनियमित स्कीम पाबंदी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।