
एक तरफ केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनजन तक पहुंचाने के लिए बीजेपी नेतृत्व लगातार अपने कार्यकर्ताओं को कह रही है दूसरी ओर जब कार्यकर्ताओं को योजनाओं के प्रचार-प्रसार के दौरान जब दबंगों से सामना हो रहा तो कोई मददगार साबित नहीं हो रहा। गोरखपुर में राशन वितरण मेें मनमानी के खिलाफ आवाज उठाने वाले बीजेपी के सेक्टर पदाधिकारी को कुछ दबंगों ने बुरी तरह पीट दिया लेकिन न तो किसी ने आवाज उठाई न ही थाने में ही उसकी सुनी गई।
चौरीचौर क्षेत्र के रहने वाले लालबहादुर मौर्या ने पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में बताया है कि वह खैराबाद गांव के रहने वाले हैं। बीजेपी के सेक्टर प्रभारी हैं। गांव में कोटेदार द्वारा सरकारी राशन का वितरण कराया जा रहा था। मंगलवार को गांव के ही कुछ गरीब लोगों ने बताया कि कोटेदार द्वारा उनको राशन देने से मना कर दिया है। कोटेदार ने यह सब प्रधान के कहने पर किया है। उसने साफ तौर पर कहा है कि प्रधान ने राशन देने से मना किया है।
पीड़ित लाल बहादुर ने बताया कि गरीब लोगों की फरियाद सुनकर वह राशन बांट रहे कोटेदार से वस्तुस्थिति जानने पहुंचे। उसने राशन देने से मना करते हुए प्रधान द्वारा मना करने की बात दोहरायी। भाजपा पदाधिकारी ने बताया कि उन्होंने पात्र होने पर किसी को भी लाभ से वंचित नहीं किए जाने की बात कही। यह बात वहां मौजूद प्रधान और कोटेदार के लोगों को नागवार लगी। उसने बताया कि उन्होंने पात्र गरीबों को राशन से वंचित किए जाने की शिकायत आला अफसरों से कहने की बात की तो वे लोग अपशब्द कहने लगे। इसके बाद उन लोगों ने उनके साथ मारपीट की।
बीजेपी पदाधिकारी लालबहादुर ने बताया कि वह इस बाबत थाने पर शिकायत किया लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। उधर, गांव के दबंग उसे बारबार धमका रहे हैं ताकि वह कहीं और शिकायत नहीं करे।