गोरखपुर

सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों को मिल सकता है कई अधिकार

डीडीयू की एक समिति की बैठक में कॉलेजों के प्रतिनिधि के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई
2 min read
• •
Updated: 11 Oct 2017, 11:00 AM IST
College
कॉलेज

गोरखपुर. सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में पठन पाठन में सुधार, गुणवत्तायुक्त शिक्षा के लिए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विवि में मंथन शुरू हो गया है। मंगलवार को विवि की एक समिति की बैठक में कॉलेजों के प्रतिनिधि के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। स्वकेंद्रीय प्रणाली को समाप्त किये जाने पर सहमति तो बनी ही सबने मांग रखी कि विवि स्तर पर ही कॉलेजों में भी प्रवेश हो। एक एंट्रेंस के माध्यम से सभी सीटों को भरने की प्रक्रिया अपनाई जाए।


बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्ववित्तपोषित महाविद्यालय में अधिनियम परिनियम तथा शासनादेशों का पालन सुनिश्चित किया जाए और मानक के अनुसार ही निर्धारित सीटों पर प्रवेश हो। शिक्षकों के रिक्त पदों पर चयन के लिए 3 माह के अंदर कार्यवाही संपन्न किया जाय। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय 15 जून तक सीट निर्धारण संबंधी सूचनाएं महाविद्यालयों को उपलब्ध करा देगा और महाविद्यालय अपने कार्यरत शिक्षकों की पूरी सूचना विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रदर्शित करने के लिए 30 जून तक अवश्य उपलब्ध करा देंगे। इसके साथ ही महाविद्यालय प्रतिवर्ष 20 अगस्त तक विश्वविद्यालय द्वारा तैयार डाटाबेस पर समस्त विवरण अपलोड कर देंगे ।

केंद्रीकृत प्रवेश की मांग, ऑब्जेक्टिव पेपर समाप्त नहीं होगा

विवि तथा सभी महाविद्यालयों में बीएड की तरह ही केंद्रीकृत प्रवेश के प्रस्ताव पर निर्णय लिया गया कि यह प्रकरण प्रवेश समिति के समक्ष विचारार्थ प्रस्तुत किया जाए। हालांकि स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों द्वारा वस्तुनिष्ठ प्रश्न पत्र प्रणाली समाप्त करने की मांग को स्वीकृति नहीं मिली लेकिन स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली समाप्त समाप्त करने के विषय में विश्वविद्यालय ने सकारात्मक संकेत दिए।

स्ववित्तपोषी कॉलेजों को भी मिले प्रतिनिधित्व
विश्वविद्यालय की विभिन्न समितियों तथा प्रायोगिक और मौखिक परीक्षाओं में आंतरिक और बाह्य परीक्षा संपन्न कराने तथा पाठ्यक्रम समिति एवं उड़ाका दल आदि में स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के प्रतिनिधित्व का प्रकरण परीक्षा समिति के विचारार्थ रखने का निर्णय किया गया। संयुक्त क्रीड़ा परिषद में स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के प्रतिनिधित्व के विषय में समिति गठित करने के लिए इस प्रकरण को कुलपति जी को संदर्भित किया गया। परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था आदि से संबंधित स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के सुधारात्मक प्रस्ताव भी परीक्षा समिति के समक्ष रखे जाने का निर्णय किया गया।
परीक्षा फार्म भरवाए जाने से संबंधित पारिश्रमिक राशि को स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के प्राचार्यों को प्रदान करने संबंधित प्रकरण वित्त समिति को संदर्भित किया गया ।

बैठक में महाविद्यालयो में सभी प्रकार के शासनादेशों, संबद्धता की शर्तों तथा परिनियमों के अनुपालन आदि के प्रकरणों पर विचार करते हुए गुणवत्ता सुधार के लिए एक समिति के गठन का भी निर्णय किया गया जिसकी संस्तुतियां शासन को प्रेषित कर मार्गदर्शन प्राप्त किया जाएगा। कुलपति प्रो. विजयकृष्ण सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न बैठक में विश्वविद्यालय की ओर से वित्त अधिकारी, कुलसचिव तथा परीक्षा नियंत्रक ने प्रतिभागिता की जबकि स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों की ओर से स्ववित्तपोषित महाविद्यालय प्राचार्य परिषद के प्रवक्ता डॉ. प्रदीप राव ,परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर शैलेंद्र उपाध्याय, पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर उग्रसेन सिंह, परिषद के वर्तमान अध्यक्ष डॉक्टर राजेंद्र शुक्ला तथा महामंत्री डॉक्टर राजेश कुमार धर दुबे उपस्थित रहे ।

BY- Dheerendra Gopal

Published on: