गोरखपुर

शिक्षक चाणक्य की भांति निर्भीक और सत्यवादी हो: डॉ.महेश

भारतीय उच्च शिक्षा : यथार्थ एवं आकांक्षाएं’ विषय पर केन्द्रित संगोष्ठी में वक्ताओं ने रखी अपनी राय
3 min read
• •
Updated: 5 Nov 2017, 9:27 AM IST
Mahesh chandra Sharma
डॉ. महेश चन्द्र शर्मा

गोरखपुर. एकात्म मानववाद शोध केन्द्र नई दिल्ली के निदेशक डॉ.महेश चन्द्र शर्मा ने कहा है कि समाज सरकारों से नहीं चलना चाहिए। इसकी बजाय आदर्श स्थिति यह है कि समाज सरकारों को चलाए और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप निर्णय लेने के लिए निर्देशित करें। इसके लिए जरूरी है कि शिक्षक कुलगुरू चाणक्य की तरह निर्भीक और सत्यवादी हों। दुर्भाग्य से स्थितियां ऐसी नहीं हैं। इसका दोष सिर्फ सरकारों पर भी डालना ठीक नहीं होगा। इसके लिए उत्तरदायी वह शिक्षक और शिक्षक संगठन भी हैं जो बारबार सरकारों के पास मांग पत्र भेज कर कुलपतियों को सरकारी अंकुश के घेरे में लाते हैं।

डॉ.महेश चन्द्र शर्मा ने संवाद भवन में शैक्षिक महासंघ तथा विश्वविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में व्यक्त किये। ‘भारतीय उच्च शिक्षा : यथार्थ एवं आकांक्षाएं’ विषय पर केन्द्रित इस संगोष्ठी के मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए डॉ. शर्मा ने भारतीय परम्परा के सशक्त पक्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी परम्परा ‘माता प्रथमों गुरूः’, ‘आचार्य देवो भवः’ तथा ‘आत्मदीपो भवः’ जैसे तीन महात्वपूर्ण विचार सूत्रों पर आधारित है, और यही अब तक की हमारी वैचारिक और सांस्कृतिक थाती के पीछे की शक्ति भी रही है। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि हम इन मूल्यों को आत्मासात करते हुए विश्वविद्यालयों को स्वतन्त्र विचारों का अभिकेन्द्र बनायें।

संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कृष्ण सिंह ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था का चुनौतीपूर्ण स्वरूप हमारे आदर्शों के विचलन का परिणाम है। पहले हमारा समाज विशिष्ट योगदानकर्ता समूहों को प्रतिष्ठित और सम्मानित करता था। लेकिन अब ऐसा नहीं है। स्थिति यह है कि विश्वविद्यालयों या उच्च शिक्षा से जुड़े विषयों पर नीति निर्धारण में शिक्षकों की समुचित भागीदारी नहीं होती है। नौकरशाह नीतियां बना देते हैं और सरकारें उसके अनुपालन का निर्देश जारी कर देते हैं। यह उचित नहीं है। प्रो. सिंह ने कहा कि हमने अपनी शिक्षा व्यवस्था को इतने अधिक खानों में बांट दिया है कि उससे हमारा चिन्तन गलत दिशा में प्रवृत्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष हाईस्कूल में पंजीकरण से लेकर उच्च शिक्षा तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों की संख्या में लगभग 20 लाख की कमी आ जाती है। हमें गम्भीरता से सोचना होगा कि ये विद्यार्थी कहां जा रहे हैं और हम उनके लिए क्या कर सकते हैं।

दो दिनों तक चलने वाली इस संगोष्ठी में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय तथा छत्रपति शाहू जी महाराज कानपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने प्राचीन भारत में प्रचलित पशुपालन आधारित व्यवस्था से लेकर वर्तमान में प्रचलित ज्ञान आधारित व्यवस्था में परिवर्तन की यात्रा और विदेशी आक्रमणकारियों द्वारा भारत के आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक सम्पदा पर योजनाबद्ध ढ़ंग से किये गये हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे शिक्षा व्यवस्था के मौजूदा क्षरण का सबसे बड़ा कारण इन्हीं मूल्यों को खो देना है। उन्होनें कहा कि आज डिग्री धारक युवाओं की बजाय देशभक्त युवा तैयार करने की जरूरत है। इस पूरे प्रयास में सबसे अधिक भूमिका शिक्षकों की है। जिन्हें ब्रिक्स, बुक्स और ब्रेन जैसे थ्री-बी की शक्तियों और साधनों का सहारा लेना होगा। संगोष्ठी में दूसरे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित महात्मा ज्योतिबा फूले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के कुलपति प्रो.अनिल शुक्ला नें अपने वक्तव्य में उन कारणों को विश्लेषित किया जिसके चलते एक समय में विश्वगुरू रहा भारत आज अपने गौरवशाली अतीत की परछाई भर रह गया है। प्राचीन भारत के शिक्षण एवं सामाजिक मूल्यों के अनेक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए प्रो. शुक्ल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल जानकारी प्राप्त करना नहीं बल्कि आचरण में और व्यवहार में अपेक्षित परिवर्तन करना है। इसके लिए समाज को आज अच्छे रोल मॉडल चाहिए और अपने भीतर कौशल अभिवृद्धि की आकांक्षा भी होनी चाहिए।

इससे पूर्व उद्घाटन सत्र के आगत अतिथियों तथा सभागार में उपस्थित शैक्षिक महासंघ के परिसर में संस्थापक अध्यक्ष रहे वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के पूर्व कुलपति प्रो. यूपी सिंह तथा प्राणि विज्ञान की एमेरिट्स प्रोफेसर मधु कुमार का भी आयोजकों द्वारा अभिनन्दन किया गया। अपने स्वागत भाषण में दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो.डीएन यादव ने संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में उपस्थित अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया। शैक्षिक महासंघ के उच्च शिक्षा संवर्ग के प्रभारी महेंद्र कुमार ने संगठन और उसके कार्य विस्तार पर प्रकाश डाला तथा संगोष्ठी के संयोजक प्रो. विजय कुमार ने आयोजन तथा संगोष्ठी के विषय की प्रस्ताविकी रखी। उद्घाटन सत्र का संचालन महासंघ के सचिव डॉ. आमोद कुमार राय ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय तथा महाविद्यालयों के शिक्षक एवं प्राचार्यगण उपस्थित रहे। अपरान्ह में आयोजित तकनीकी सत्र में डॉ. बलवान सिंह, डॉ. शशिप्रभा सिंह, डॉ.विजयानन्द सिंह, डॉ.कौस्तुभ नारायण मिश्र, तथा प्रो. नरेश प्रसाद भोक्ता ने संगोष्ठी के विषय पर केन्द्रित अपने शोधपत्र प्रस्तुत किये। इस तकनीकी सत्र की अध्यक्षता करते हुए पूर्व कुलपति प्रो.अशोक कुमार ने देश के विभिन्न राज्यों में उच्च शिक्षा में हो रहे संरचनात्मक सुधारों का एक विवरण प्रस्तुत किया। इस सत्र में वक्ताओं और स्रोताओं के प्रति आभार ज्ञापन का दायित्व दर्षनशास्त्र विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो.सुशील कुमार तिवारी ने निर्वहन किया।

Published on: