गोरखपुर

गोरखपुर में सनसनीखेज अपहरण कांड…डॉक्टर के एयरफोर्स कर्मी पति को छोड़ने के लिए एक करोड़ की डिमांड

गोरखपुर में शुक्रवार को रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी के अपहरण से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना फौरन पुलिस को दी गई। पुलिस अधिकारियों ने छह टीमें बनाकर ताबड़तोड़ खोजबीन शुरू की।
2 min read
Jul 26, 2025
Up news, gorakhpur, kidnaping
फोटो सोर्स: पत्रिका, गोरखपुर में एयरफोर्स कर्मी के अपहरण से हड़कंप

गोरखपुर जिले में शुक्रवार को एक रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी के अपहरण की घटना की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फिल्मी स्टाइल में अपहरणकर्ताओं ने उनकी डॉक्टर पत्नी से एक करोड़ रुपए का डिमांड किया। बता दें कि एयरफोर्स कर्मी सुबह साइकिलिंग करने निकले थे, सुनसान स्थान पर बदमाशों ने उनको जबरदस्ती कार में बैठा लिया और जिले की सीमा से बाहर निकल गए।

पुलिस ने कालेसर जीरो प्वाइंट से एयरफोर्स कर्मी की सकुशल की बरामदगी

सूचना पर पुलिस अधिकारी एक्टिव हुए और सीसीटीवी कैमरे और सर्विलांस की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू की। करीब 12 घंटे बाद पुलिस ने कालेसर जीरो प्वॉइंट के पास से एयरफोर्स कर्मी को खोज लिया। साथ ही तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। इस घटना में और भी लोगों के शामिल हाेने की संभावना पुलिस ने जताई है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक शाहपुर थानाक्षेत्र के जेल बाईपास के पास रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी अशोक जायसवाल रहते हैं। उनका बेटा अमेरिका में रहता है। जबकि पत्नी सुषमा जायसवाल सरकारी डॉक्टर हैं और बस्ती जनपद में तैनात हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रोज सुबह टहलने के लिए जाते थे। शुक्रवार की सुबह पांच बजे के लगभग साइकिल से निकले थे लेकिन सुबह 9 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर किसी अप्रिय घटना के भय से परिजन भी घबराने लगे, थक हार कर पुलिस को सूचना दी गई।

पत्नी से व्हाट्सएप काल कर एक करोड़ की डिमांड

तभी 10:30 बजे के लाभंग पत्नी के नंबर पर अंजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने अशोक जायसवाल को छोड़ने के बदले 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। अशोक की बात उनकी पत्नी से भी कराई। बदमाशों ने बताया कि अशोक से पुराना लेनदेन है। उसके बाद फोन काट दिया, पत्नी ने यह सूचना पुलिस को दी।

तीन अपहरणकर्ता गिरफ्तार

हरकत में आए पुलिस अधिकारियों ने छह टीमें बनाकर खोजबीन शुरू की। शाम 7 बजे के करीब उन्हें कालेसर जीरो प्वॉइंट के पास से खोज निकाला। साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिकरीगंज थाना क्षेत्र के गुड्डु उर्फ श्याम सुंदर, जर्नादन गौड़ और बेलघाट क्षेत्र के करुणेश दूबे के रूप में हुई। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया।

बारह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दबोचे गए अपहरणकर्ता

एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि शाहपुर से अपहरण की सूचना मिली थी। इस सूचना पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर तलाश के लिए 6 पुलिस टीम को लगाया गया। सर्विलांस की मदद से 12 घंटे के अंदर जीरो प्वाइंट से एक कार पकड़ी गई। जिसमे तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर सकुशल अशोक कुमार को ढूंढ निकाला गया। इसके बाद पूछताछ कर देर रात उन्हें घर ले जाकर परिवार को सौंप दिया गया। बदमाशों से पूछताछ चल रही है। इसमे अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका है।

Updated on:
26 Jul 2025 02:15 am
Published on:
26 Jul 2025 02:15 am