गोरखपुर

गोरखपुर में SIR प्रक्रिया पूर्ण, 10 अप्रैल को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

SIR प्रक्रिया की शुरुआत अक्टूबर 2025 में चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार की गई थी। अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और अधिक विश्वसनीय बनाना था, ताकि आगामी चुनावों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत की संभावना न रहे।

3 min read
Mar 28, 2026
फ़ोटो सोर्स: पत्रिका, SIR अभियान

गोरखपुर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची के व्यापक अद्यतन की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। प्रशासन ने 6 मार्च तक प्राप्त सभी आवेदनों का निस्तारण कर दिया, जबकि शुक्रवार 27 मार्च को दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि के अवसर पर शेष सभी मामलों का भी पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ निपटारा कर दिया गया।

ये भी पढ़ें

Noida Airport: पीएम मोदी ने किया नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन; एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट में 20 मिनट में होगी बोर्डिंग

अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारी तेज

इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के साथ ही अब अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारी तेज हो गई है, जो 10 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी। गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में इस अभियान के दौरान कुल लगभग 44 हजार आवेदन (फॉर्म 6, 7 और 8) प्राप्त हुए थे। इनमें नए मतदाता पंजीकरण, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा मतदाता विवरण में संशोधन से संबंधित आवेदन शामिल थे।

सभी आवेदनों की हुई गहन जांच, पारदर्शिता पर केंद्रित रहा अभियान

प्रशासन ने इन सभी आवेदनों की गहन जांच कर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया। यह कार्य न केवल समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया, बल्कि इसकी गुणवत्ता और पारदर्शिता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इस दिशा में जिला प्रशासन ने शुरुआत से ही गंभीरता दिखाई और विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था की।

एसडीएम सदर दीपक गुप्ता स्वयं उपस्थित रहकर निस्तारण किए

अभियान के अंतिम दिन सदर तहसील स्थित बीआरसी केंद्र पर विशेष सक्रियता देखने को मिली। एआरओ/ एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। उन्होंने अवकाश की परवाह किए बिना अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सुनिश्चित किया कि कोई भी दावा या आपत्ति लंबित न रहे। उनके नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने पूरे दिन लगातार कार्य करते हुए सभी शेष मामलों का निस्तारण कर दिया।

मतदाताओं के विवरण में रहीं त्रुटियां भी ठीक की गईं

गौरतलब है कि गोरखपुर शहर विधानसभा में वर्तमान में कुल 4,18,740 मतदाता पंजीकृत हैं। एसआईआर प्रक्रिया के तहत हुए संशोधनों के बाद इस संख्या में आवश्यक परिवर्तन भी परिलक्षित होंगे। अंतिम मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जबकि अपात्र या स्थानांतरित व्यक्तियों के नाम हटाए जाएंगे। साथ ही, जिन मतदाताओं के विवरण में त्रुटियां थीं, उन्हें भी ठीक किया गया है।

2,83,900 आवेदन प्राप्त हुए थे

पूरे जनपद की बात करें तो गोरखपुर की नौ विधानसभाओं में कुल 2,83,900 आवेदन प्राप्त हुए थे। यह संख्या दर्शाती है कि मतदाता सूची के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है और वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं। सभी तहसीलों में तैनात एआरओ (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) /एसडीएम ने अपने-अपने क्षेत्रों में इन आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण किया और निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया।

BLO की भूमिका भी रही महत्वपूर्ण

इस प्रक्रिया में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने घर-घर जाकर सत्यापन कार्य किया, दस्तावेजों की जांच की और यह सुनिश्चित किया कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो। वहीं, फर्जी या अपात्र प्रविष्टियों को हटाने के लिए भी सख्ती बरती गई।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस बार एसआईआर अभियान को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

डिजिटल में भी सुरक्षिति किया गया रिकॉर्ड

प्रत्येक आवेदन का रिकॉर्ड डिजिटल माध्यम से भी सुरक्षित किया गया, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत या विवाद की स्थिति में आसानी से जांच की जा सके। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची पूरी तरह अपडेटेड और उपयोग के लिए तैयार होगी।

मतदाताओं से अपील, अंतिम सूची भी बारीकी से देखें

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अंतिम सूची जारी होने के बाद अपने नाम की जांच अवश्य करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। अधिकारियों का कहना है कि एक सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला होती है। इस दिशा में गोरखपुर प्रशासन ने जो प्रयास किए हैं, वह आगामी चुनावों को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही, यह अभियान नागरिकों के बीच जागरूकता बढ़ाने और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का भी एक प्रभावी माध्यम साबित हुआ है।

ये भी पढ़ें

बिजनौर में GST का बड़ा खेल: दिल्ली-गाजियाबाद के मास्टरमाइंड गिरफ्तार, फर्जी फर्मों से सरकार को लगाया चूना

Published on:
28 Mar 2026 01:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर