
टंकी पर चढ़ किशोरी ने किया हंगामा, PC- X
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां झंगहा थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी अपने प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुआ यह ड्रामा करीब डेढ़ घंटे तक चला, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
किशोरी घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर ऊपर से चिल्लाने लगी, 'सब लोग सुन लो, शादी करूंगी तो अपने बॉयफ्रेंड से ही, नहीं तो कूदकर जान दे दूंगी।' आवाज सुनकर गांव वालों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन लड़की रेलिंग से कूदने का डर दिखाकर सबको पीछे हटाती रही।
मामला बिगड़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची झंगहा थाना पुलिस ने पहले तो किशोरी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। अंत में पुलिस ने किशोरी के 17 वर्षीय प्रेमी (9वीं का छात्र) को उसके घर से बुलवाया। पुलिस ने लड़की को यकीन दिलाने के लिए कि उसकी शादी उसी लड़के से होगी, मौके पर सिंदूर, माला और शादी का अन्य सामान मंगवाया। इन सामानों को देखकर लड़की का गुस्सा शांत हुआ और वह नीचे उतरने को राजी हुई।
टंकी से सुरक्षित नीचे आने के बाद जब पुलिस ने लड़की को कानूनी उम्र और पढ़ाई का हवाला देकर समझाना शुरू किया, तो वह फिर से भड़क गई। पुलिस की नसीहत सुनते ही वह दोबारा टंकी की तरफ भागने लगी, जिसे महिला पुलिसकर्मियों ने दौड़कर बड़ी मुश्किल से पकड़ा।
पूछताछ में पता चला कि लड़की 8वीं की छात्रा है और लड़का 9वीं में पढ़ता है। दोनों आसपास के गांवों के रहने वाले हैं और एक ही सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। स्कूल आने-जाने के दौरान ही दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था।
झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों नाबालिग हैं। थाने लाकर दोनों के परिजनों की मौजूदगी में लंबी काउंसलिंग की गई। अंत में लड़की इस बात पर राजी हुई कि बालिग होने के बाद उसकी शादी उसी लड़के से कराई जाएगी। फिलहाल उसे समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
Published on:
27 Mar 2026 07:13 pm
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
