अधिवक्ता पर हमला करने का आरोपी चिलुआताल के बैजनाथपुर निवासी सुशील त्रिपाठी का शुक्रवार की रात में मजिस्ट्रीयल बयान दर्ज कर लिया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद से उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
गोरखपुर में सिविल कोर्ट के अधिवक्ता जिस आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, वह मेडिकल कालेज में गंभीर हालत में भर्ती है। अधिवक्ता रविंद्र दुबे पर हमले के आरोपी सुशील त्रिपाठी का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज किया गया। गंभीर चोटों के चलते सुशील की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। बयान दर्ज करने के लिए डॉक्टरों की अनुमति का इंतजार किया गया था।
वहीं, इस बीच सुशील त्रिपाठी की बहन पूजा त्रिपाठी का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पूजा ने आरोप लगाया है कि उसका भाई अधिवक्ता पर हमला करने नहीं बल्कि सिर्फ उसकी मदद के लिए कचहरी गया था, लेकिन वहां अधिवक्ताओं ने उसकी इतनी पिटाई की कि उसकी हालत गंभीर हो गई।
पूजा ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह उसके भाई का केस दर्ज नहीं कर रही है। उसने रोते हुए यह भी कहा कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला, तो वह आत्महत्या कर लेगी।हालांकि, वायरल वीडियो और पूजा के आरोपों पर अब तक पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, इस बयानबाजी के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। सुशील त्रिपाठी का मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज बयान जांच को एक नई दिशा दे सकता है।
सुशील त्रिपाठी की गंभीर हालत को देखते हुए SP सिटी ने DM को पत्र लिखकर मजिस्ट्रेट से बयान दर्ज कराने की मांग की। शुक्रवार रात डॉक्टरों की अनुमति के बाद मजिस्ट्रेट ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर सुशील का बयान दर्ज किया। अब इस बयान के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ेगी।