गोरखपुर

सोशल मीडिया से मिला छात्रा को न्याय…शोहदे ने छात्रा का हाथ पकड़ कर खींचा, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने किया यह हाल

गोरखपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां सड़क से गुजर रही छात्रा से खुलेआम छेड़खानी का वीडियो वायरल हुआ जिसमें शोहदा गुजर रही छात्रा का हाथ पकड़ कर गली में खींचने की कोशिश कर रहा था।
2 min read
Jan 18, 2026
Up news, gorakhpur
फोटो सोर्स: पत्रिका, गिरफ्तार युवक

गोरखपुर जिले के गोला थानाक्षेत्र में दिन दहाड़े एक युवक पढ़ने जा रही छात्रा काे सड़क पर पकड़कर खींचने लगा, अचानक इस हरकत से छात्रा भयभीत होकर किसी तरह युवक से हाथ छुड़ाकर वहां से भागी। संयोग से इस घटना का वीडियो किसी ने बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी एक्टिव हो गई और रविवार को आरोपी युवक को ढूंढ कर गिरफ्तार कर ली।

गोला क्षेत्र का रहने वाला है छेड़खानी का आरोपी

पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान गोला क्षेत्र के उनौली गांव निवासी 18 साल के शुभम कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी युवक ने युवती के साथ हुई घटना को स्वीकार किया और हाथ जाेड़कर माफी मांगने लगा। फिलहाल अभी पीड़ित छात्रा के परिवार ने अभी तक कोई शिकायत पत्र नहीं दिया है। पुलिस वीडियो के आधार पर कार्रवाई कर रही है।

सड़क से गुजर रही छात्रा का हाथ पकड़ कर खींचा

पुलिस ने बताया कि घटना 16 जनवरी की बताई जा रही है। शुक्रवार को गोला नगर पंचायत में दो छात्राएं एक साथ कहीं रही थीं। तभी एक युवक पीछे से आया। एक छात्रा का हाथ पकड़कर वह गली की तरफ खींचने लगा। छात्रा पहले तो कुछ समझ नहीं पाई फिर इस हरकत से वह घबड़ा गई और फिर किसी तरह युवक से हाथ छुड़ाकर भाग निकली, युवक भी दूसरी गली से निकल गया।

मौके का बन गया वीडियो, वायरल होते ही पुलिस हुई सक्रिय

संयोग से इस घटना का वीडियो किसी ने बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पहले पुलिस की जांच में ऐसी कोई जगह नहीं मिली, जो वीडियो में दिख रही थी। बाद में टीम ने और छानबीन की, तब गोला नगर पंचायत में घटना वाली जगह मिली। इसके बाद आरोपी युवक का पुलिस ने पता लगाना शुरू किया। रविवार को आरोपी युवक की गोला में लोकेशन मिलते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस के सामने शुभम ने अपनी गलती स्वीकार की। बार-बार दोनों हाथ जोड़कर अपने किए की माफी मांगता रहा।

CO बोले…आरोपी गिरफ्तार

CO गोला दरवेश कुमार ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपी युवक काे पकड़ लिया गया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल अभी तक पीड़ित छात्रा और उसके परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।

Updated on:
18 Jan 2026 06:39 pm
Published on:
18 Jan 2026 06:39 pm