गोरखपुर के कैंट थानाक्षेत्र का मामला
ढाबा पर विवाद के बाद युवक को निर्ममता से पीटने के बाद अधमरा कर सड़क पर फेंकने और इलाज के दौरान उसकी मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कैंट थाने में आरोपियों के खिलाफ धारा 452, 302 भादवि व 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
गोरखपुर के कैंट थानाक्षेत्र के रानीडीहा चैराहा पर एक ढाबा है। झीनक गुप्ता के ढाबा पर देर रात तक लोग खाने पीने के लिए जुटते हैं। इस ढाबे पर सोम की मध्यरात्रि में खाना खाने के लिए विजय यादव नामक 24 साल का युवक गया हुआ था। खाना खाने के दौरान युवक को उल्टी आ गई। इस बात को लेकर उसकी ढाबा मालिक से कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ता गया।
इस विवाद में ढाबा मालिक अनिल गुप्ता, उसके लड़के सोनू, पिन्टू आदि युवक की पिटाई करने लगे। इन मनबढ़ों ने युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद भी इनको दया नहीं आई। इन लोगों ने उसे सड़क किनारे फेंक दिया। इलाज के लिए युवक को खोराबार लाया गया जहां से सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे बीआरडी मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया लेकिन उसकी हालत बिगड़ने पर लखनउ रेफर कर दिया गया। लेकिन लखनउ जाने के पहले ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजन और क्षेत्र के लोग आक्रोशित हो उठे। लोग हंगामा करने लगे। देर रात में लोगों को पुलिस-प्रशासन ने समझा कर शांत कराया।
मंगलवार की सुबह परिजन के साथ क्षेत्र के लोग गोरखपुर राजमार्ग को जाम कर दिया। शव रखकर जाम कर लोग हंगामा करने लगे। करीब ढाई घंटे तक लोग जाम लगाए रहे। सूचना पाकर मौके पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। पुलिस व प्रशासन के लोग आक्रोशित लोगों को समझाने लगे। काफी मान मनौव्वल के बाद लोग मानें तब जाम जाकर खुलवाया जा सका।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा अपराध संख्या 656/2018 धारा 452, 302 भादवि व 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।