UGC नियम को लेकर आज गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर सवर्ण छात्रों का जबरदस्त प्रदर्शन हुआ। पुलिस ने बताया कि विरोध शांतिपूर्ण रहा और किसी झड़प, तोड़फोड़ या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर व्यवस्था बनाए रखी।
गोरखपुर में UGC द्वारा लाए गए नए नियम के विरोध में सवर्ण समाज के सैकड़ों छात्रों ने दीन दयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। छात्रों ने नियम को “काला” बताते हुए तत्काल वापसी की मांग की और इसी संबंध में राष्ट्रपति को खून से लिखा ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय गेट कई घंटों तक बंद रहा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।
सवर्ण छात्रों का यह विरोध दोपहर बारह बजे के लगभग शुरू हुआ और घंटों जारी रहा, इस दौरान आसपास जाम की स्थिति बन जा रही थी। इधर गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के बंद रहने से अंदर आने वालों को भी काफी दिक्कत हुई। विरोध के दौरान छात्र नारेबाज़ी करते रहे और UGC नियम पर कड़ा विरोध जताए।
राष्ट्रपति को आंदोलनरत छात्रों ने खून से पत्र लिखा और चेतावनी दिए कि यदि यह नियम वापस नहीं हुए तो देश के विश्वविद्यालयों तक यह आग फैलेगी। छात्रों ने कहा कि वे अन्य छात्र संगठनों और सामाजिक समूहों से संपर्क कर रहे हैं और जल्द संयुक्त मोर्चा बनाने पर विचार किया जाएगा।
छात्रों का कहना था कि नया नियम शिक्षा में समानता, प्रतिनिधित्व और अवसर को प्रभावित करेगा। उनका कहना था कि सवर्ण समाज के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा तक पहुंच पहले से चुनौतीपूर्ण है और दंडात्मक प्रावधानों वाला नियम परिस्थिति को और कठिन बना देगा। इस पर सरकार विचार कर विवेकपूर्ण निर्णय ले।