गोरखपुर

थाने में तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया बुजुुर्ग महिला ने, नहीं पसीजा पुलिस का कलेजा

दबंगों के अत्याचार के खिलाफ केस दर्ज कराने आर्इ थी महिला, पुलिस पर भगाने का आरोप
less than 1 minute read
Beaten
Beaten

संतकबीरनगर के धनघटा क्षेत्र में दबंगों ने एक वृद्धा व उसके विकलांग बेटे की बुरी तरह पिटाई कर दी। हद तो यह कि पीड़ित परिवार ने पुलिस को बुलाया तो दबंगों पर कार्रवाई की बजाय पुलिस वापस लौट आई। महिला थाने पर न्याय की मांग करने पहुंची तो आरोप है पुलिस ने उसे भगा दिया। वृद्धा सुबह से शाम तक थाने पर गिड़गिड़ाती रही। दोपहर में उसकी हालत बिगड़ी और कुछ ही घंटों में उसने दम तोड़ दिया।

धनघटा क्षेत्र की रहने वाली वृद्धा चंद्रा देवी पत्नी रामशब्द अपने विकलांग बेटे के साथ घर पर रहती थी। उसका गांव के ही कुछ दबंगों से काफी दिनों से भूमि विवाद चल रहा था। इसी विवाद में गांव के कुछ दबंगों ने शुक्रवार की देर रात में उसकेे घर में घुसकर मारा पीटा। बुरी तरह घायल चंद्रा व उसके बेटे को मारने के बाद दबंग फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने रात में ही पुलिस से गुहार लगाई तो कोई सुनवाई नहीं हुई। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन दबंगों पर कार्रवाई नहीं की। शनिवार की सुबह वृद्धा अपने बेटे के साथ थाने पर पहुंची लेकिन वहां उसे भगा दिया गया। घायल वृद्धा वहीं थाना गेट के पास ही बैठी रही। दोपहर होते होते उसकी हालत बिगड़ने लगी। लेकिन वह न्याय के लिए थाने के द्वार पर ही दर्द से कराहते हुए लेटे रही। पुलिस ने काफी अनदेखी की लेकिन जब मामला बिगड़ने लगा तो होमगार्ड के माध्यम से उसे हैसर सीएचसी में भर्ती कराया गया लेकिन उसके पहले ही उसकी मौत हो गई।

Updated on:
25 Nov 2019 02:40 am
Published on:
25 Nov 2019 08:08 am