
प्रबुद्ध जनों के कार्यक्रम में नितिन नवीन (सोर्स: अनूप शुक्ला)
BJP President Nitin Naveen: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ का राज था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की तस्वीर बदल गई है। सत्ता के गलियारों से अपराधियों का संरक्षण समाप्त हुआ और सुशासन की स्थापना हुई। आज उत्तर प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ (ODOP) से देश-दुनिया में बन रही है।
बुधवार को गोरखपुर में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम में उन्होंने चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, उद्योगपतियों और विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों से सीधा संवाद किया। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा सरकार ने शासन की कार्यसंस्कृति बदली है। अब अपराधियों को सत्ता का संरक्षण नहीं मिलता। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश को खंडित करने में जुटी विदेशी ताकतों को भाजपा सड़क से लेकर सदन तक जवाब देने के लिए तैयार है। भारत का युवा देश विरोधी साजिशों में उलझने वाला नहीं है, बल्कि सकारात्मक कार्यों में लगा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल से दूर कर खेल के मैदान तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर नितिन नवीन ने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब मतदाता सूची पर आपत्तियां दर्ज कराने का समय था, तब विपक्ष गायब रहा। अब रामलीला के मंचों से विरोध प्रदर्शन कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर अनर्गल आरोप लगाना विपक्ष की आदत बन गई है। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची के पारदर्शी पुनरीक्षण के लिए सभी राजनीतिक दलों को बूथ, जिला और राज्य स्तर पर भागीदारी का अधिकार दिया गया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने महिलाओं के मान-सम्मान और स्वाभिमान को बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। देश में 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन और महिला भागीदारी बढ़ाने जैसे प्रयास किए गए हैं। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को जल्द लागू किए जाने की बात भी कही।
उद्योग जगत से जुड़े लोगों की समस्याओं पर उन्होंने कहा कि छोटे उद्योगों की दिक्कतों को दूर किया जाएगा। एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने के लिए 20 हजार करोड़ रुपये का सहयोग दिया गया है। अधिवक्ताओं के हित में कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। चिकित्सकों से उन्होंने कार्य के दबाव के बावजूद संवेदनशीलता और नैतिक कार्यसंस्कृति बनाए रखने की अपील की। आयुष्मान योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने की बात भी कही।
नितिन नवीन ने कहा कि गोरखपुर में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। भाजपा ने गोरखपुर को मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दिया है। अब पार्टी को यहां की जनता का स्नेह और आशीर्वाद चाहिए। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन के विचारों को भाजपा की कार्यनीति का आधार बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने की। संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने किया, जबकि आभार प्रदेश महामंत्री एवं गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी अभिजात मिश्रा ने जताया। इस मौके पर महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केआरसी रेड्डी, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह, क्षेत्रीय मंत्री बृजेश राम त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, अधिवक्ता, व्यवसायी और उद्योगपति मौजूद रहे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
4 Nov 2026, 9:23 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 9:22 PM IST
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश




