Gorakhpur News: गोरखपुर में जिस महिला का अंतिम संस्कार किया गया वह झांसी में जिंदा मिली।
यूपी के गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां लोगों के द्वारा जिस महिला को मरा समझ कर मृत शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। वह महिला झांसी जिलें में जिंदा मिली। यूपी पुलिस ने शनिवार शाम को महिला को उसके पति से मिलवाया। पुलिस ने जानकारी दी कि बांसगांव निवासी राम सुमेर ने हाल ही में पुलिस को अपनी पत्नी फूलमती (40) के लापता होने की सूचना 15 जून को दी थी। पति राम सुमेर ने बताया कि 19 जून को उरुवा बाजार में एक महिला का शव मिला। उसने उस शव की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की और उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।
पुलिस ने आगे बताया कि पोस्टमार्टम जांच में पता चला था कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने जांच के दौरान जब फूलमती के मोबाइल फोन का पता लगाया तो वह गोरखपुर से तकरीबन 600 किलोमीटर दूर झांसी जिले में सक्रिय मिला। इसी के साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) में सुल्तानपुर निवासी शुभम नामक व्यक्ति के नंबर पर लगातार बातचीत होना पाया गया।
पुलिस के ओर से पूछताछ करने पर शुभम ने बताया कि फूलमती जीवित है। वह उसे गोरखपुर से झांसी लेकर आया है। इसके बाद पुलिस ने शुभम द्वारा बताए गए स्थान पर फूलमती को खोज निकाला। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) जितेंद्र कुमार तोमर ने बताया कि महिला फूलमती का बयान दर्ज करने के बाद उसे उसके पति राम सुमेर के साथ वापस भेज दिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि इस बात की भी जांच की जा रही है कि राम सुमेर, फूलमती, शुभम और अंतिम संस्कार होने वाली महिला के बीच क्या संबंध था।