गोरखपुर

युवती को अपने रिश्तेदार के लिए भगाने में की थी मदद, मददगार का हुआ यह हाल

मददगार की पत्नी ने चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराया केस
2 min read
• •
Updated: 14 Sep 2018, 7:07 AM IST
Murder in azamgarh
आजमगढ़ में हत्या

गोरखपुर में प्रेमी जोड़े की मदद करने के आरोप में मददगार रिश्तेदार की निर्ममता से हत्या कर दी गई। शव मिलने के एक दिन बाद शिनाख्त होने पर मामला सबके सामने आया। मृतक की पत्नी ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज कराया है। आरोप है कि मृतक की पत्नी का भाई किसी युवती से प्रेम करता था और दोनों को भागने में उसने मदद की जिससे गुस्साएं घरवालों ने हत्या कर दी। मददगार बहनोई का शव झंगहा क्षेत्र के गौरीघाट पुल के पास एक खेत में मिला था।
झंगहा क्षेत्र के भरक्षा गांव के रहने वाला सोनू गांव और आसपास के क्षेत्र में रहकर कोई धंधा कर अपनी रोजीरोटी कमाता था। उसकी पत्नी का भाई रोशन भी उसी के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि रोशन को गगहा क्षेत्र के किसी युवती के साथ प्रेम हो गया। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन युवती के घरवाले राजी नहीं थे। एक दिन दोनों प्रेमियों ने घर छोड़ने का निर्णय ले लिया। आरोप है कि दोनों प्रेमियों की मदद सोनू ने की थी।
युवती के घरवालों को जब अपनी बेटी के घर छोड़ने के बारे में भान हुआ तो वे लोग पुलिस के पास पहुंचे। घरवालों ने सोनू और रोशन के खिलाफ अपनी बेटी को बहलाफुसला कर भगाने का आरोप लगाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया। पुलिस ने लड़की भगाने के मामले में सोनू को जेल भी भेज दिया। बताया जाता है कि काफी दिनों तक सोनू जेल में रहने के बाद कुछ माह पूर्व ही छूटा था। जेल से रिहा होने के बाद सोनू भूसा बेचने का काम करने लगा। उधर, दोनों प्रेमियों का कहीं पता नहीं चला। युवती के घरवाले इस प्रकरण से काफी खार खाए हुए थे।
पुलिस के अनुसार लड़की के घर से भागने से उसके घरवाले काफी आहत थे। समाज में हुई अपनी बेइज्जती को वे भूला नहीं पा रहे थे। पुलिस ने बताया कि सोनू को एक दिन युवती के घरवालों ने मारने का मन बना लिया। तहरीर के मुताबिक मंगलवार को सोनू को उन लोगों ने बुलाया था। इसी दिन रात में सोनू को चाकू से गोदकर मार डाला गया। बुधवार को झंगहा क्षेत्र में सोनू की लाश मिली। लेकिन इसकी पहचान गुरुवार को हो सकी। सोनू की हत्या की सूचना मिलते ही पत्नी ने युवती के घरवालों पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। उसने तहरीर देकर युवती के घरवालों को नामजद किया।
पुलिस ने मृतक सोनू की पत्नी रीना की तहरीर पर गगहा के देमुसा गांव के शेषनाथ गुप्ता, उमाशंकर गुप्ता, मेहदिया के निवासी प्रदीप सिंह तथा एक अज्ञात के खिलाफ धारा 302 व 506 के तहत केस दर्ज कराया है।

Published on: