एडीजी ने छात्रों को अद्यतन जानकारियां दीं, उन्होंने कहा कि तकनीक आज पहले से काफी एडवांस रूप में है। मोबाइल, कंप्यूटर में सारी जानकारियां उपलब्ध हैं ऐसे में छात्रों को अद्यतन जानकारी हमेशा दुरुस्त रखनी पड़ेगी।
शनिवार को महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में महंत दिग्विजयनाथ और महंत अवैद्यनाथ की पुण्यतिथि की पावन स्मृति में सेमिनार का आयोजन किया गया। "वर्तमान परिप्रेक्ष्य में युवाओं की भूमिका" विषय पर सेमिनार हुआ। इसके मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) मुथा अशोक जैन थे।
एडीजी ने छात्रों को अद्यतन जानकारियां दीं, उन्होंने कहा कि तकनीक आज पहले से काफी एडवांस रूप में है। मोबाइल, कंप्यूटर में सारी जानकारियां उपलब्ध हैं। Chat GPT, AI तक का समावेश हो चुका है। पहले कक्षा में सिर्फ किताबें ही जान का आधार होती थीं आज क्लासरूम का दायरा बढ़ चुका है। गूगल, एआई आदि के माध्यम से भी विभिन्न चीजों की जानकारी प्राप्त हो रही है। इसके साथ-साथ चुनौतियां भी बढ़ रही हैं।
ऐसी स्थिति में युवाओं के लिए यह आवश्यक है कि वे अपने आपको मजबूत बनाएं, मानसिक और भावनात्मक दोनों रूप से। किसी भी स्थिति में अपने अंदर कहीं से हीन भावना का समावेश न होने दें। अपनी क्षमताओं पर विश्वास करते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रयासरत रहें।
छात्रों को संबोधित करते हुए ADG ने जीवन का अमूल्य मंत्र भी दिया उन्होंने कहा कि अगर वर्तमान पर ध्यान केंद्रित किया जाए तो जो भी कार्य किया जा रहा है। वह अच्छे से होगा और भविष्य अपने आप अच्छा हो जाएगा। बीते हुए कल और आने वाले कल के बारे में सोचने से व्यक्ति की कार्यक्षमता का अधिकांश हिस्सा व्यर्थ के चिंतन में चला जाता है। छात्रों को अपनी क्षमता को पहचान कर अपने आप पर भरोसा रखने और मेहनत करने की सीख देते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नेशनल डिफेंस एकेडमी, खड़कवासला, पुणे के पूर्व आचार्य डॉ. राजेंद्र भारती ने की। प्राचार्य अरुण कुमार सिंह एवं कॉलेज के अन्य स्टाफ भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।