
ग्रेटर नोएडा। परिवार में किसी की मृत्यु होने पर लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो जाता है। वहीं अगर पूरा परिवार की ही अर्थी एक साथ उठ जाए तो। दरअसल, ग्रेटर नोएडा के बढ़पुरा गांव में एक साथ पांच अर्थी उठने से पूरे गांव के लोगों की आंखें नम हो गईं। वहीं परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। इस दौरान जब गांव में पांचों शव पहुंचे तो यहां मातम पसर गया। दरअसल, गुरुवार तड़के तेज रफ्तार वैगन-आर कार खड़े हुए ट्रक से टक्करा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कार के परखचे उड गए और कार में सवार तीन बच्चो समेत पाँच लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। जिनके शवों को गुरुवार दोपहर करीब दो बजे पोस्टमार्टम के बाद गांव में लाया गया।
इस हादसे की सूचना से गांव के लोग आहत तो थे ही, लेकिन जब पांच शव एक साथ गांव में पहुंचे तो हालात और बिगड़ गए। गांव की करीब 15 हजार लोगों की आबादी पीड़ितों के घर के आसपास जमा हो गई। इस दौरान परिवार की महिलाएं रो-रो कर बेहोश हो रही थी। जिनकी देखभाल के लिए सरकारी अस्पताल से टीम भी मौके पहुंची थी। यहां जब शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी शुरू हुई तो गांव का कोई व्यक्ति अर्थी बनाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। बच्चों की अर्थी बनाने के दौरान गांववालों के हाथ कांप रहे थे। हर किसी की आंखे नम थीं।
विधायक भी पहुंचे मौके पर
दादरी विधायक तेजपाल नागर भी बढ़पुरा गांव पहुंचे और ग्रामीणों को मुख्यमंत्री योजना से पीड़ित परिवार को अधिक से अधिक लाभ व मदद दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने यहां व्यक्तिगत रूप से भी पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की मदद दी।