डॉ. अरविंद सिंह के नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ता व नेता दो फाड़ नजर आए वरिष्ठ नेता रघुराज सिंह ने सोशल मीडिया पर यूपी प्रदेशाध्यक्ष राजबब्बर को आड़े हाथ लिया कांग्रेसियों मेंं फुट का मामला राहुल और प्रियंका गांधी तक पहुंच गया है
ग्रेटर नोएडा. कांग्रेस पार्टी की तरफ से वेस्ट यूपी की लगभग सभी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है। पार्टी हाईकमान ने गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से भाजपा एमएलसी ठाकुर जयवीर सिंह के बेटे डॉ. अरविंद सिंह चौहान को टिकट दिया है। डॉ. अरविंद सिंह के नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ता व नेता दो फाड़ नजर आए। एक तरफ जहां जिले के वरिष्ठ नेता रघुराज सिंह ने सोशल मीडिया पर यूपी प्रदेशाध्यक्ष राजबब्बर को आड़े हाथ लिया। साथ ही टिकट बेचने का आरोप लगाया। वहीं यह मामला राहुल और प्रियंका गांधी तक भी पहुंचा है। बाहरी प्रत्याशी को गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर उतारने को लेकर कांग्रेसी नेता राहुल गांधी से मिले और अपनी आपित्त दर्ज कराई।
गौतमबुद्ध नगर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रघुराज सिंह ने अपने फेसबुक पर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के साथ फोटो पोस्ट की और पार्टी नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस महासचिव व पश्चिमी यूपी के प्रभारी ज्योदिरादित्य सिंधिया और प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर निशाना साधा था। बाहारी प्रत्याशी उतारने का विरोध अन्य नेताओं ने भी किया था। अरविंद सिंह को उम्मीदवार बनाया जाना जिले के कांग्रेसी नेताओं को नागवार गुजर रहा है।
कांग्रेस के जिलाध्याक्ष डॉ. महेंद्र नागर ने माना है कि संगठन में नाराजगी है। यह हाईकमान का फैसला है। नाराजगी का कोई मतलब नहीं है। सभी मिलकर चुनाव लड़ाएंगे।
वहीं सोमवार को जिला कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी के आवास और पार्टी आॅफिस पहुंचे। यहां बाहारी प्रत्याशी उतारने पर अपनी नाराजगी दर्ज कराई। इसके अलावा उन्होंने प्रत्याशी लेकर अलग—अलग दलील दी। वहीं पार्टी हाईकमान ने चुनाव की तैयारी करने को कहा है। वहीं हाईकमान के निर्देश पर मंगलवार 19 मार्च को जिला कार्यालय पर नोएडा, दादरी, जेवर, सिकंद्राबाद विधानसभा के कार्यकर्ताओं व नेताओं की मीटिंग होगी। जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र नागर ने बताया कि मीटिंग में नाराजगी दूर कर मिलकर चुनाव लड़ाने की रणनीति बनाई जाएगी।
डॉ. अरविंद सिंह मूलरूप से अलीगढ़ के रहने वाले है। हालांकि डॉ. अरविंद सिंह का कहना है कि वे नोएडा के सेक्टर-61 में रहते है, बाहरी नहीं है। गौतमबुद्ध नगर से पार्टी का उम्मीदवार घोषित करने के बाद से ही संगठन के लोग बेहद नाराज हैं। यही कारण है कि टिकट मिलने के बाद प्रत्याशी ने प्रचार शुरू करने से पहले पार्टी के स्थानीय नेताओं की नाराजगी दूर करने में अपना समय गुजारा। कुछ वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें पूरा सहयोग और समर्थन देने का भरोसा दिया, लेकिन अब भी तमाम नेता ऐसे हैं, जिनके तेवर बगावती हैं। लेकिन कांग्रेस के प्रत्यक्षी डॉ. अरविंद सिंह चौहान ने कहा कि वह खुद भी युवा हैं और युवा जोश से ही उन्हें जीत मिलेगी।