
Greater Noida Fire News:ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में देर रात लगी आग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आग लगने के समय एक सीएनसी लकड़ी कटिंग की दुकान के अंदर दो युवक सो रहे थे। दुकान में धुआं भरने के बाद दोनों बेहोश हो गए। दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
यह हादसा बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी इलाके में हुआ। देर रात दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग की स्थिति को देखते हुए सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि राहत और बचाव के दौरान किसी तरह का अतिरिक्त खतरा न हो।
दमकल कर्मियों ने जब दुकान के अंदर जाकर तलाश शुरू की तो वहां दो युवक बेहोशी की हालत में मिले। दोनों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भेजा गया। इनकी पहचान अल्तमस और अमन के रूप में हुई। डॉक्टरों ने जांच के बाद अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उसकी मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई। अमन की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे के मुताबिक, आग की सूचना मिलने के बाद दमकल की सात गाड़ियां रवाना की गई थीं। हालांकि मौके पर पहुंची एक गाड़ी की मदद से ही आग पर काबू पा लिया गया और बाकी वाहनों की जरूरत नहीं पड़ी।
दुकान में लकड़ी और फर्नीचर से जुड़ा सामान रखा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप लिया। आग से दुकान में रखा फर्नीचर और लकड़ी कटिंग से जुड़ा सामान प्रभावित हुआ है। फिलहाल आग किस वजह से लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
शाहबेरी इलाके में इससे पहले भी आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में ताजा हादसे ने फर्नीचर मार्केट में सुरक्षा इंतजामों को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच की जा रही है।