Weather Forecast: मौसम विभाग ने 27 अप्रैल से 2 मई तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी, उत्तराखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों में मूसलधार बारिश की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस हफ्ते मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, नए पश्चिमी विक्षोभ और निचले स्तर पर बन रहे चक्रवाती परिसंचरण की वजह से 27, 28, 29 और 30 अप्रैल को बारिश होगी। इसको लेकर यूपी, दिल्ली-एनसीआर और बिहार समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने यूपी के मौसम को लेकर भी भविष्यवाणी की है। इसके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 27 अप्रैल को मौसम आंधी-तूफान के साथ करवट लेगा। लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 27 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश, जबकि 28 और 29 अप्रैल को कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश (Heavy Rainfall) हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ, मुरादाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बुलंदशहर, संभल, रामपुर, ललितपुर, झांसी, जालौन, औरैया, इटावा, आगरा, मथुरा, मैनपुरी, बरेली, पीलीभीत, खीरी, शाहजहांपुर, बदायूं, अलीगढ़, फिरोजाबाद, इटावा, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती,बलरामपुर, गोंडा, बस्ती,सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महाराजगंज,कुशीनगर,देवरिया में बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा 30 से 50 किमी/घंटा की स्पीड से चलने की संभावना है।
वहीं, उत्तराखंड में 27 से 29 अप्रैल के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 की स्पीड से हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड के उत्तरकशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, और पिथौरागड़ में 27 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 अप्रैल से 2 मई के बीच भारी बारिश की चेतावनी है। खासकर असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली और एनसीआर में 27 को 43 से 45 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही दिन में धूलभरी आंधी और गर्म हवाएं भी चल सकती हैं। इसके बाद 28 अप्रैल को मौसम करवट लेगा।
मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, बिहार और झारखंड में ओलावृष्टि की संभावना है।
भारत मौसम विभाग ने 27 अप्रैल से 1 मई तक उत्तरी ओडिशा, पश्चिम बंगाल के तटों, बंगाल और उत्तरी बंगाल के खाड़ी के कुछ हिस्सों में नहीं जाने की चेतावनी जारी की है।