
UPITS 2026: उत्तर प्रदेशकी औद्योगिक क्षमता, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और कारोबार को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 (UPITS 2026) का चौथा संस्करण शुक्रवार से ग्रेटर नोएडा में शुरू हो गया। 5 दिवसीय यह आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जा रहा है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जबकिमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया।
इस बार ट्रेड शो का दायरा पहले के मुकाबले बड़ा रखा गया है। आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.5 लाख से ज्यादा B2B खरीदारों और आगंतुकों तथा करीब 4.5 लाख सामान्य दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी प्रस्तावित है। आयोजन में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम को साझेदार देशों के तौर पर शामिल किया गया है। इससे प्रदेश के कारोबारियों और विदेशी खरीदारों के बीच व्यापारिक संपर्क और कारोबारी साझेदारी के अवसर बढ़ाने पर जोर है।
ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की विशेषताओं और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। एक जिला, एक उत्पाद (ODOP) के तहत पारंपरिक और विशिष्ट उत्पादों को खरीदारों के सामने पेश किया जाएगा। इसमें भदोही के कालीन, फिरोजाबाद के कांच के उत्पाद, मुरादाबाद के धातु शिल्प और सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी जैसे उत्पाद प्रमुख आकर्षण में शामिल हैं। आयोजन का मकसद स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने और कारोबारियों को नए खरीदारों से जोड़ने का अवसर देना है।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दया शंकर सिंह ने ट्रेड शो के शुभारंभ के मौके पर कहा कि यह आयोजन अपने चौथे वर्ष में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले संस्करण में प्रधानमंत्री शामिल हुए थे, जबकि इससे पहले उपराष्ट्रपति और राष्ट्रपति भी कार्यक्रम का हिस्सा रह चुके हैं। दया शंकर सिंह के मुताबिक, ट्रेड शो के जरिए प्रदेश के हर जिले की खासियत को दुनिया के सामने रखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यहां से निर्यात बढ़ रहा है और यह आयोजन उत्तर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि 'ये ट्रेड फेयर उत्तर प्रदेश के विकास में मील पत्थर साबित हो रहा है।'
बीजेपी सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने UP International Trade Show के चौथे संस्करण के उद्घाटन का जिक्र करते हुए कहा कि अमित शाह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने बयान में 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था में सुधार का उल्लेख किया। नागर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और छोटे तथा मध्यम उद्योगों के क्षेत्र में विस्तार हुआ है। उन्होंने प्रदेश को उद्योग, पर्यटन और विकास के क्षेत्र में आगे बताया। उनके अनुसार, ट्रेड शो भी उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और कारोबारी क्षमता को सामने रखने का एक माध्यम है।