ग्रेटर नोएडा

Yamuna Expressway पर चार साल बाद सफर हुआ महंगा, जानें टोल टैक्स की नई दरें

यमुना एक्सप्रेस-वे पर सफर करना एक सितंबर से महंगा हो जाएगा। यमुना प्राधिकरण बोर्ड की 74वीं बैठक में यमुना एक्सप्रेस-वे पर टोल दरों में बढ़ोतरी के जेपी इंफ्राटेक के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। बता दें कि यमुना एक्सप्रेस वे पर टोल दरें 4 साल बाद बढ़ाई गई हैं, जो कि एक सितंबर से लागू हो जाएंगी।

2 min read

यदि आप यमुना एक्सप्रेस-वे से होकर आगरा जा रहे हैं तो ये खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। क्योंकि अब आपको अपनी जेब अधिक ढीली करनी होगी। यमुना एक्सप्रेस-वे पर सफर करना अब महंगा हो जाएगा। यमुना प्राधिकरण बोर्ड की 74वीं बैठक में यमुना एक्सप्रेस-वे पर टोल दरों में बढ़ोतरी के जेपी इंफ्राटेक के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। हालांकि इसमें दो पहिया वाहनों और किसानों के ट्रैक्टरों को राहत दी गई है। इनकी दरों में किसी भी तरह का कोई इजाफा नहीं हुआ है। बता दें कि यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल दरें 4 साल बाद बढ़ाई गई हैं, जो कि एक सितंबर से लागू हो जाएंगी।

इसमें भी कोई शक नहीं है कि यमुना एक्सप्रेस-वे सीमेंट की तेज चमचमाती सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती गाड़ियां के कारण ग्रेटर नोएडा से आगरा तक के सफर आरामदेह है, लेकिन पहले सितंबर से ग्रेटर नोएडा से आगरा तक सफर करने वाले कार चालकों को अब 16.50 रुपये ज्यादा देने होंगे। बस-ट्रक को 90.75 रुपये और बड़े व्यावसायिक वाहनों को 173.25 रुपये बढ़े हुए टोल के रूप में चुकाने होंगे। अधिकारियों का कहना है कि एक सितंबर से बढ़ी टोल दरें लागू कर दी जाएंगी।

हादसों को रोकने के लिए आईआईटी दिल्ली से कराया सुरक्षा ऑडिट

यमुना प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने बताया कि 2018 से यमुना एक्सप्रेस वे की टोल की दरों में किसी भी तरह का इजाफा नहीं किया गया था। एक्सप्रेस-वे पर हादसों की रोकथाम के लिए आईआईटी दिल्ली से सुरक्षा ऑडिट कराया गया था। आईआईटी ने अपने सुझाव में एक्सप्रेस-वे पर दोनों सड़कों के बीच की जगह के दोनों ओर क्रैश बीम बैरियर लगाने, रंबल स्ट्रिप, स्पीड गन, चालान व्यवस्था को प्रभावी बनाने समेत कई सुझाव दिए थे। अधिकतर सुझावों पर काम पूरा हो चुका है। इस पर करीब 130.54 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसलिए टोल शुल्क बढ़ोतरी के प्रस्ताव को स्वीकार किया गया है।

बड़े व्यावसायिक वाहनों को 173.25 रुपए अधिक टोल चुकाना होगा

दोपहिया वाहन और ट्रैक्टर को पहले जैसा टोल देना होगा। वहीं ग्रेटर नोएडा से आगरा तक कार से सफर करते हैं तो 412.50 रुपये का टोल देना होता है, जो अब बढ़कर 429 रुपये हो जाएगा। हल्के व्यवसायिक वाहनों पर 41.25 रुपए की टोल वृद्धि की गई है। बस और ट्रक के टोल में 90.75 रुपये, 3 से 6 धुरीय वाहनों में 140.45 रुपये और सात धुरीय से बड़े व्यावसायिक वाहनों को 173.25 रुपए अधिक टोल चुकाना होगा।

Published on:
25 Aug 2022 09:50 am
Also Read
View All