खाड़ी देश

शारजाह से गायब हुए भारतीय किशोर का शव ओमान में मिला

18 वर्षीय अल्बर्ट जॉय 16 नवंबर से शारजाह से लापता था। अल्बर्ट का परिवार मूल रूप से केरल के एर्नाकुलम जिले का है।

2 min read
disappeared from Sharjah Indian teens body found in Oman
albert

शारजाह। संयुक्त अरब अमीरात में पिछले सप्ताह से गायब भारतीय किशोर का शव ओमान में मिला है। 18 वर्षीय अल्बर्ट जॉय 16 नवंबर से शारजाह से लापता था। अल्बर्ट का परिवार मूल रूप से केरल के एर्नाकुलम जिले का है। यह परिवार कुछ सालों से संयुक्त अरब अमीरात के रस अल खैमाह (आरएके) शहर में रहता है। परिवार के करीबी दोस्तों ने इस बात की पुष्टि की है कि अल्बर्ट का शव ओमान से बरामद किया गया है। 18 वर्षीय अल्बर्ट आरएके में इंजीनियरिंग का छात्र था। उसके पिता जॉय और मां वाल्सामा के अलावा परिवार में एक बहन भी है।

बाढ़ के पानी में बहे थे पांच किशोर
अल्बर्ट शारजाह के पूर्वी इलाके वाडी शीज में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ में अपने पांच दोस्तों के साथ बह गया था। उसके बाकी दोस्तों को घटनास्थल के नजदीक ही बचाव दल ने बाढ़ के पानी से बाहर निकाल लिया था। पानी का बहाव पूर्वी दिशा में था, जिससे अल्बर्ट ओमान की ओर बह गया। बीते एक सप्ताह से अल्बर्ट को ढूंढने के लिए शारजाह पुलिस के बचाव दल के अलावा दुबई पुलिस और अबु धाबी पुलिस की एयर विंग की भी मदद ली गई। अब अल्बर्ट का शव शारजाह से करीब 100 किलोमीटर दूर ओमान में मिला है।

ओमान पहुंचे पिता
घटना के वक्त अल्बर्ट के माता-पिता भारत में ही थे। जानकारी मिलने पर वे तुरंत शारजाह पहुंचे। बीते एक सप्ताह से वे पुलिस टीम के साथ अपने बेटे की तलाश कर रहे थे। हालिया खबर से वे अवसाद में हैं। वे अल्बर्ट का पासपोर्ट लेकर ओमान के लिए रवाना हो चुके हैं। आरएके के सामाजिक कार्यकर्ता और परिवार के नजदीकी सूत्रों ने बताया है कि इस बारे में ज्यादा जानकारी अल्बर्ट के पिता के लौटने के बाद ही मिल सकेगी।

भारतीय दूतावास ने किया संपर्क
इससे पहले भारतीय दूतावास के अधिकारी विपुल ने 21 नवंबर को परिजनों से मुलाकात की थी और आश्वस्त किया था कि उन्हें हर तरह की मदद मुहैया कराई जाएगी। विपुल के मुताबिक, अल्बर्ट के जल्द ढूंढने के लिए हर तरह की कोशिश की गई।

Published on:
22 Nov 2017 07:56 pm