खाड़ी देश

एयरलाइंस के विज्ञापन के लिए महिला ने बुर्ज खलीफा के टॉप पर किया स्टंट, सोशल मीडिया पर छाया वीडियो

इस वीडियो में एयरलाइन के क्रू मेंबर की ड्रेस में एक महिला बुर्ज खलीफा के टॉप पर खड़ी दिखाई देती है।
2 min read
• •
Updated: 10 Aug 2021, 6:00 PM IST
emirates airlines ad.
emirates airlines ad.

दुबई। संयुक्त अरब अमीरात की एयरलाइंस ने एक अनोखा विज्ञापन शूट किया है। इस विज्ञापन को बुर्ज खलीफा के टॉप पर फिल्माया गया है। विज्ञापन को बिना किसी तकनीकी इस्तेमाल के तैयार किया गया है। इस वीडियो में एयरलाइन के क्रू मेंबर की ड्रेस में एक महिला बुर्ज खलीफा के टॉप पर खड़ी दिखाई देती है।

क्रू मेंबर की ड्रेस में महिला अपने हाथ में एक-एक कर तख्तियों को दिखाती है। इन पर लिखा है, ‘यूएई को यूके एम्बर की सूची में ले जाने से हमें दुनिया में टॉप पर होने का अहसास हुआ है। अमीरात में उड़ान भरें। बेहतर उड़ें।’

30 सेकेंड के विज्ञापन ने सबको चौंकाया

यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस 30 सेकेंड के विज्ञापन को देखने के बाद यूजर्स हैरत में हैं। वीडियो में दिख रही महिला निकोल स्मिथ-लुडविक (Nicole Smith-Ludvik) एक पेशेवर स्काइडाइविंग ट्रेनर है।

जैसे ही कैमरा को जूम किया जाता है, आपको सामने दिखेगा कि निकोल बुर्ज खलीफा की टॉप पर खड़ी हैं। उसके बैकग्राउंड में दुबई के शानदार नजारे साफ दिखाई देते हैं। गौरतलब है कि जमीन से 828 मीटर ऊपर बुर्ज खलीफा दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है।

आश्चर्यजनक और रोमांचक स्टंटों में से एक

निकोल ने इंस्टाग्राम पर विज्ञापन को शेयर कर लिखा कि यह निस्संदेह उनके द्वारा किए गए, सबसे आश्चर्यजनक और रोमांचक स्टंटों में से एक है। निकोल ने कहा कि अमीरात एयरलाइंस (Emirates Airlines) टीम का हिस्सा बनकर उन्हें खुशी हुई।

यह अपने आप में एक अनोखा विज्ञापन है। इसे देखकर सोशल मीडिया के यूजर्स हैरान रह गए। इस वीडियो को अबतक 1 लाख से अधिक बार देखा गया है।

बिना किसी ग्राफिक्स की मदद से किया तैयार

वहीं, अमीरात ने एक छोटी क्लिप को शेयर किया है। इसमें दिखाया गया है कि किस तरह से विज्ञापन को दुनिया की सबसे ऊंची इमारत पर फिल्माया गया था। अमीरात एयरलाइंस का कहना है कि इस विज्ञापन को बिना किसी ग्राफिक्स की मदद से बनाया गया है।

Published on: