खाड़ी देश

ईरान के राष्ट्रपति ने दी अमरीका को धमकी, कहा- सद्दाम हुसैन की तरह ट्रंप का भी होगा हाल

ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा कि ईरान अपने मिसाइल कार्यक्रम को अमरीकी दबाव में बंद नहीं करेगा।
2 min read
• •
Updated: 22 Sep 2018, 6:29 PM IST
Feature image

तेहरानः ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने एक बार फिर अमरीका की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान अपने मिसाइल कार्यक्रम को अमरीकी दबाव में बंद नहीं करेगा। सरकारी न्यूज चैनल पर देश की जनता को संबोधित करते हुए रूहानी ने कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी इराक के राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन की तरह अंजाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। रूहानी ने कहा कि वह अमरीकी प्रतिबंधों से कभी नहीं डरता। फिलहाल रूहानी के बयान पर अमरीका की अभी तक कोई प्रतिक्रिया नही आयी है।

न्यूक्लीयर डील खत्म करने के बाद बढ़ी तकरार
ईरान और अमरीका के बीच वर्ष 2015 में हुई परमाणु डील मई महीने में टूट गई थी। इस डील में इन दोनों देशों के अलावा फ्रांस, जर्मनी, रूस और चीन भी शामिल थे। इस डील के टूटने के बाद से ही अमरीका औऱ ईरान में तकरार जारी है। अमरीका ईरान पर कई प्रतिबंध भी लगा चुका है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान पर फिर से प्रतिबंध लागू करने के लिए अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सराहना की थी। ईरान का आरोप है कि अमरीका ने इजरायल को खुश करने के लिए प्रतिबंध लगाया है।

ये भी पढ़ेंः ईरान में मिलिट्री परेड पर अंधाधुंध फायरिंग, 24 लोगों की मौत
ईरान ने दी थी इजरायल पर हमले की धमकी
अभी हाल में ही ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा था कि अगर ईरान को धमकाया गया तो वे इजरायल के शहरों पर मिसाइल से हमला कर देंगे। रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने यह भी कहा कि वे अमरीका द्वारा ईरान के बैलेस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को समाप्त करने के दबाव के बावजूद देश की रक्षात्मक क्षमताओं को बढ़ाते रहेंगे। ईरान के वरिष्ठ धर्मगुरु अयातुल्ला अहमद खातेमी ने भी चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर उनके देश पर इजरायल और अमरीका द्वारा हमला किया गया तो, ईरान उसका माकूल जवाब देगा।

Published on: