
गुना. जिले की मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद जारी है। इस बीच पिछले सात महीने में जहां 10 हजार से अधिक नए मतदाता शािमल किए गए, वहीं ३३ हजार से अधिक गलत मतदाताओं को सूची से बाहर कर दिया गया। कांग्रेस के अनुसार अभी भी सूची में कई नाम गलत और डबल जुड़े हुए हैं। जिन्हें हटाया नहीं गया है। उल्लेखनीय है कि जिले में 31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाश किया गया था। जिसमें जनवरी से जुलाई तक कुल २२ हजार ७३६ नामों का अंतर आया है।
सूची से इतने नाम काटे गए हैं, वहीं कुल 10 हजार 397 नए नाम भी सूची में शामिल किए गए हैं। इन नए मतदाताओं को जोड़ा जाए तो कुल हटाए गए नामों की संख्या 33 हजार 133 होती है। 19 जनवरी को प्रकाशित सूची में जिले की चारों विधानसभाओं में कुल 8 लाख 25 हजार 736 मतदाता दर्ज थे, जो अब घटकर कुल 8 लाख 3 हजार ही रह गए हैं।
सूची में से 4 थर्ड जेंडर के मतदाताओं के नाम भी काटे गए हैं। हटाए गए मतदाताओं में महिलाओं की संख्या अधिक है। प्रारूप सूची के अनुसार जिले में कुल 12 हजार 643 महिला मतदाताओं के नाम कम हुए हैं, वहीं 10 हजार 89 पुरुष मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। जबकि 4 हजार 938 पुरुष और 5 हजार 453 महिला मतदाताओं को शामिल किया गया है।
मतदाता सूची के पुनरीक्षण के तहत गलत और फर्जी नामों को सूची से हटाया गया है। इनमें दो या तीन जगह दर्ज नाम, मृत व्यक्तियों के नाम, दूसरी जगह गए व्यक्तियों के नाम शामिल हैं।
गुना में आया सबसे अधिक अंतर
प्रारूप नामावली के अनुसार सबसे अधिक अंतर गुना में और सबसे कम अंतर राघौगढ़ में आया है। गुना में जहां 6 हजार 879 मतदाता कम हुए हैं तो वहीं राघौगढ़ में कुल 3 हजार 958। चाचौड़ा में 6 हजार 612 और बमोरी में 5 हजार 287 मतदाता सात महीने में घटे हैं।
दावे आपत्ति का समय बढ़ाया
प्रारूप सूची के प्रकाशन के अब दावे आपत्ति लिए जाने का सिलसिला जारी है। इसके लिए पहले 21 अगस्त तक का समय दिया गया था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 31 अगस्त तक कर दिया गया है। लोग अपने दावे-आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। जिनका निराकरण 20 सितंबर से पहले तक किया जा सकेगा।
अभी भी हमारे पास डबल नाम आ रहे हैं।मृतकों के नाम भी अभी बचे हैं। ऐसे नामों की छटनी जिलाध्यक्ष नेतृत्व में की जा रही है। मृतकों के नाम भी मिल रहे हैं।- योगेन्द्र लुंबा, कांग्रेस घोषणा पत्र समिति सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष