पिपरिया चक्क निवासी एक गरीब मजदूर के खाते से किसी ने 99 हजार रुपए निकाल लिए।
गुना. पिपरिया चक्क निवासी एक गरीब मजदूर के खाते से किसी ने 99 हजार रुपए निकाल लिए। जब उसने बैंक से शिकायत की तो बैंक इसमें अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है।
एटीएम की मदद से उसके खाते से पैसे निकाले गए हैं, जबकि वह बैंक से कोई एटीएम लेकर ही नहीं गया। गिरवर सिंह ने बताया कि उसने 1 सितंबर को कैनरा बैंक में अपना खाता खोला था। 1500 रुपए में खाता खोला और उसी दिन 49 हजार रुपए खाते में जमा करवाए। इसके बाद 7 सिंतबर को फिर ४९ हजार जमा किए।
24 सितंबर को जब वह प्लाट की रजिस्ट्री के लिए बैंक से पैसे निकालने पहुंचा तो पता चला कि उसका एकाउंट खाली पड़ा है। उसने बताया कि बैंक से उसका एक कागज पर प्रिंट दिया गया था, जिसमें उसका खाता नंबर सहित अन्य जानकारी थी। इसके अलावा बैंक ने उसे कुछ नहीं दिया। 24 सितंबर को ही बैंक ने पासबुक बनाकर दी, जिसमें निकासी की सारी डीटेल थी। उनके साथ पहुंचे परेश भार्गव ने भी बैंक प्रबंधन से बात की, लेकिन प्रबंधन ने मामले में कोई रुचि नहीं दिखाई।
उनकी पत्नि ने बताया कि मेहनत मजदूरी करके, खेतों में कटाई करके एक-एक पैसा जोड़ा था। इस मामले में बैंक के फोन नंबर 07542254961 पर बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
गलती की फिर नहीं सुनी फरियाद
पीडि़त का आरोप है कि पहले तो बैंक ने गलती की। उसका एटीएम किसी ओर को दे दिया। वह बैंक में एटीएम लेने गया ही नहीं। जबकि बैंक में किसी ने साइन भी किए हैं।
इसके अलावा फार्म में उसने जो नंबर भरकर दिया था, उसकी जगह पासबुक में दूसरा नंबर है और पहले दिन जो स्लिप निकालकर दी गई थी उसमें दूसरा नंबर दिया है। दोनों ही नंबर उसके नहीं है। बैंक प्रबंधन द्वारा सीसी टीवी कैमरे के फुटेज दिखाने से भी इंकार कर दिया।
अशोकनगर में एटीएम से निकाले गए रुपए
पासबुक से पता चला कि किसी ने एटीएम कार्ड से अशोकनगर में निकासी की है। गौशाला रोड व स्टेशन रोड एटीएम से पैसे निकाले गए हैं। 18 सितंबर को 10-10 हजार चार बार, 19 सितंबर को 10-10 हजार4 बार और 20 सितंबर को एक बार 10 हजार और एक बार 9 हजार रुपए निकाले गए हैं। एटीएम या आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों की मदद से पैसे निकालने वाले की पहचान की जा सकती है।