गुना

उम्र बढ़ेगी लेकिन बर्थ- डे की तारीख 4 साल बाद आएगी

लीप- डे : 29 फरवरी को जन्म लेने वालों के लिए जन्मदिन विशेष : कुछ ने सूझबूझ से निकाल लिया रास्ता शहर के अस्पताल में जन्मे बच्चों के परिजनों ने लाड़लों के बर्थ- डे मनाने को दी लेकर अलग- अलग राय

2 min read
Mar 01, 2024
उम्र बढ़ेगी लेकिन बर्थ- डे की तारीख 4 साल बाद आएगी

गुना। किसी भी इंसान के जीवन में उसके जन्मदिन का खास महत्व होता है लेकिन 29 फरवरी को जन्म लेने वालों के लिए जन्मदिन का विशेष महत्व हो जाता है, क्योंकि चार साल के लंबे इंतजार के बाद उनके जन्म की तारीख आती है। अब यह तारीख 2028 में आएगी। यानी पूरे चार साल बाद। गुरुवार को जन्म लेने वाले बच्चों के परिजनों के लिए खुशी का दिन तो था, लेकिन उनके सामने बड़ा सवाल था कि अब वह अपने बच्चे का जन्मदिन किस तरह मनाएंगे। ज्यादातर परिजन इस सवाल पर असमंजस में दिखे, उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वह इसका क्या जवाब दें। जिला अस्पताल के मेटरनिटी के बाहर कुछ परिजन दिन बीतने की प्रार्थना भी करते दिखे। लीप- डे यानी 29 फरवरी को जिला अस्पताल के प्रसूति गृह में शाम 6 बजे तक कुल 13 बच्चों ने जन्म लिया है। इनमें 8 लडक़े और 5 लड़कियां शामिल है। 'पत्रिका' ने लीप- डे पर जन्मे बच्चों के परिजनों से बात कर उनके बच्चों का जन्मदिन मनाने को लेकर उनकी राय जानी।

- 25वां जन्मदिन मनाने 100 साल का होना पड़ेगा और उधर 4 साल बाद मनेगी वैवाहिक वर्षगांठ : लीप- डे पर जन्मे इन बच्चों को अपना 25वां जन्मदिन मनाने के लिए 100 साल का होना पड़ेगा। इसके अलावा 29 फरवरी को 2024 को विवाह रचाने वाले दंपति को भी चार साल बाद वैवाहिक वर्षगांठ मनाने का मौका मिलेगा।

- लीप- डे पर जन्मे बच्चों के जन्मदिन मनाने को लेकर ये बोले परिजन : 1, - 3 साल 28 को और चौथे साल 29 फरवरी को मनाएंगे जन्मदिन :

शहर शांति कॉलोनी गुना के रहने वाले ओमप्रकाश ओझा की पत्नी मोहर बाई ने गुरुवार शाम के वक्त बेटे को जन्म दिया। ओमप्रकाश ने कहा कि 29 फरवरी को जन्म से थोड़ी दिक्कत तो जरूर है, लेकिन मैंने इसका समाधान ढूंढ़ लिया है। आज फरवरी का आखिरी दिन है। इसलिए हर साल फरवरी के आखिरी दिन को जन्मदिन मनाएंगे। तीन साल 28 और एक साल 29 फरवरी को जन्मदिन मनाएंगे। जब भी 29 फरवरी आएगी, उस साल ग्रांड जन्मदिन होगा। 2, - सभी दिन अच्छे, हम चार साल में एक बार धूमधाम से मनाएंगे जन्मदिन :

आरोन के रहने वाले पहलवान सिंह यादव की पत्नी भूरी बाई ने रात एक बजे बेटे को जन्म दिया। उन्होंने कहा कि मैं और मेरा परिवार बहुत खुश है। मेरा परिवार पूरा हो गया। मेरी एक बेटी है और बेटा भी हो गया। जन्मदिन की बात पर पहलवान सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई का जन्म भी 29 फरवरी को हुआ था। हमारे लिए सब दिन अच्छे हैं। हम चार साल में ही सही एक बार अच्छे से बेटे का जन्मदिन मनाएंगे।3, - पहली संतान के जन्म से खुश लेकिन कैसे मनाएंगे बर्थ डे समझ नहीं आ रहा :

गुना के ग्राम बिलौनिया के सुनील की पत्नी रीना ने रात 00:35 पर बेटे को जन्म दिया। सुनील की यह पहली संतान है। वह और उसके तमाम परिजन बेटे के जन्म से बेहद खुश हैं। अस्पताल में ही उन्होंने जश्न भी बेटे का जन्मदिन के रूप में मनाया।

Published on:
01 Mar 2024 01:37 pm
Also Read
View All