जिसके लिए मां से झगड़ी, वही बना दरिंदा.....
गुना। मां से लड़कर युवती जिसके साथ लिव-इन में रह रही थी, उसी प्रेमी ने दरिंदगी की सरहदें पार कर दी। प्रेमी ने युवती को पहले जी भर मारा। आंख में मिर्च डाली। फिर मुंह में फेवीक्विक डाल दी। आसपास के लोगों ने युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। युवती का आरोप है, अयान शादी का दबाव बना रहा था। इनकार पर दरिंदगी की।
हालांकि कैंट पुलिस ने साफ किया है कि युवती मां के विरोध के बाद भी अयान के साथ शिवपुरी में लिव-इन में रह रही थी। कुछ दिन पहले ही अपने घर युवती नानाखेड़ी लौटी तो शिकायत की। पुलिस ने अयान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
23 साल की युवती ने बताया, 'आरोपी अयान पठान घर के पास में ही रहता है। उसने मुझे एक महीने अपने घर कैद करके रखा। मेरे साथ जबरदस्ती की। वह न तो बाहर आने देता और न किसी से बात करने देता। कहता है कि अपनी मां से कहो कि मकान मेरे नाम कर दें। मैं किसी तरह अपने घर आई। मंगलवार रात उसने घर आकर मुझे लेजम और बेल्ट से पीटा। मेरे पूरे शरीर में चोट आई है। दोनों आंखों में सूजन है। दर्द होने पर चिल्लाई तो होंठ पर फेवीक्विक डाल दी, ताकि आवाज न निकल सके।'
कैंट पुलिस ने बताया, दोनों लिव-इन में रहते थे। युवक दूसरे धर्म का है, इसलिए युवती की मां विरोध कर रही थी। मां की शिकायत पर पुलिस ने अयान को पकड़ा। तब युवती ने यह कहकर छुड़ा लिया कि अयान नहीं, मेरी मां मुझसे मारपीट करती है। शिवपुरी में दोनों लिव-इन में रहने के बाद बीते दिन युवती लौटी। उसने मारपीट की शिकायत की। बोली-अयान शादी का दबाव बना रहा है। इसके बाद अयान को 93 हजार की अवैध शराब ले जाते पकड़ा है। एसपी संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती के बयान के आधार पर आगे जो कार्रवाई बनेगी, वह की जाएगी।