
bjp mla pannalal shakya collector controversy
MP News: मध्यप्रदेश के गुना जिले में भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य और जिला प्रशासन के बीच चल रहा शीतयुद्ध अब खुले मंच पर दिखने लगा है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में विधायक पन्नालाल शाक्य ने एक बार फिर अपने तीखे और विवादित बयानों से न केवल प्रशासनिक हल्कों में खलबली मचा दी, बल्कि भीम आर्मी और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी कड़े प्रहार किए। उनके तेवरों ने स्पष्ट कर दिया कि जिले में इलेक्टेड और सिलेक्टेड के बीच समन्वय की पटरी पूरी तरह उतर चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक पन्नालाल शाक्य ने मंच पर मौजूद कलेक्टर किशोर कन्याल की ओर मुखातिब होते हुए गुनिया नदी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, सबसे पहले मैं निवेदन करूंगा कि एक संत ने लिखा है ‘रहिमन पानी रखिए, बिन पानी सब सून’। अपने जिलाधीश इस समय जो काम कर रहे हैं, करवा रहे हैं, वे सम्मान के पात्र हैं। वे गुनिया नदी की सफाई बहुत जोर से करवा रहे हैं। जब पहली मीटिंग हुई थी तब मैंने साहब से निवेदन किया था कि सिंगवासा से ये नदी निकलती है और चिल्का में जाकर मिलती है। बीच में अवरोध न आ जाए, उसको पूरा करा लेना, चाहे कुछ हो जाए।
इसके बाद विधायक ने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रशासन नदी की सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहा है, जबकि असल समस्या अतिक्रमण है। उन्होंने कहा कि गुनिया नदी से अतिक्रमण हटाने के समय आपके पास दिल्ली, भोपाल और गुना से बहुत फोन आएंगे, यही आपकी क्षमता की परीक्षा है। आपकी तारीफ में लोग कसीदे पढ़ रहे हैं कि आप सांसद बनो। अरे सांसद बाद में बनना, पहले यहां कुछ करके दिखा दो। विधायक के इस बयान ने उन अटकलों को हवा दे दी है जो कलेक्टर के राजनीतिक झुकाव को लेकर गलियारों में तैर रही हैं।
विधायक पन्ना लाल शाक्य ने इस दौरान भीम आर्मी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने मंच से कहा 'अलग से सेना बनाने की क्या जरूरत है? यदि तुम इतने ही बड़े शूरवीर हो, तो जाओ अग्निवीर में भर्ती हो जाओ। यह अलग से आर्मी बनाकर फ्या गृहयुद्ध जैसी स्थिति पैदा करना चाहते हो?'
Published on:
15 Apr 2026 08:31 pm
