
गुना. जिला मुख्यालय पर मंगलवार को भाजपा व कांग्रेस दोनों ही दलों ने विरोध प्रदर्शन किए। भाजपा ने जहां सीएम शिवराजसिंह चौहान पर जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान हुए पथराव के विरोध में तो वहीं कांग्रेस ने सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को जान से मारने की धमकी दिए जाने और पैट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में प्रदर्शन किया। भाजपा ने दोपहर में धरना प्रदर्शन का आयोजन किया। वहीं कांग्रेस ने शाम को ५ बजे से प्रदर्शन किया। प्रदर्शनों में दोनों दलों के बड़े नेता मौजूद रहे और एक-दूसरे पर जमकर हमले बोले। दोनों ने ही इसे एक-दूसरे की बौखलाहट करार दिया।
कुंठित हो गई कांग्रेस
जनआशीर्वाद यात्रा को मिल रहे जनसमर्थन से कांग्रेस कुंठित हो गई है और सत्ता में आने के लिए बेचैन हो रही है। इन कुंठाओं से उपजी हताशा कांग्रेस को इस स्तर तक ले जा रही है कि वह मुख्यमंत्री के ऊपर पथराव करने लग हैं।
यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम पारीक ने धरना प्रदर्शन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इस बात के प्रमाण भी आ गए हैं कि इसमें कांग्रेस के कई नेता शामिल थे। कांग्रेसियों की इस बौखलाहाट का उत्तर जनता देगी। विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि आप काश्मीर की चिंता छोड़ो, सीधी के मामले में हम ज्ञापन देने जा रहे हैं इन सबके बीच आप सब लोग गुना की चिंता करें। रात में मटकी तोड़ प्रतियोगिता में यहां पर भी पथराव हुआ है। इसके लिए मैं एसपी से बात करुंगा। नपाध्यक्ष राजेंद्र सलूजा ने कहा कि कांग्रेस के पास प्रदेश में मुद्दा नहीं है। इसलिए कांग्रेस इस तरह की हरकत कर रही है। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष हरिसिंह यादव, बाबूलाल सेन, रमेश मालवीय, महेंद्र सिंह किरार, देवेंद्र हल्के ने अपनी बात रखी। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
धमकी भाजपा की सोच
भाजपा अपनी हार से बौखलाकर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के विरुद्ध हिंसक वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है। जिसका जबाब प्रदेश की जनता देगी। सिंधिया को धमकी भाजपा की ही सोच है। यह बात मंगलवार को कांग्रेस के नेताओं ने सांसद सिंधिया को दी गई धमकी के विरोध में प्रदर्शन के दौरान कही।
इसके साथ ही पैट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी रोष जताया। वहीं उपचुनावों में मिली हार से भी पार्टी बौखला रही है। जो पूर्व मे कई भाजपा नेताओं के बयानों में नजर आ चुकी है। अब हटा की भाजपा विधायक उमा देवी के परिजन ने सिंधिया को जान से मारने की धमकी देकर, कहीं न कहीं भाजपा के विचारों को ही व्यक्त किया है।
भाजपा सरकार बताए कि वह सांसद की सुरक्षा को लेकर क्या कर रही है। ऐसे में आमजन की सुरक्षा का क्या होगा? प्रदर्शन के बाद एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष विट्ठलदास मीना, विधायक महेन्द्र सिसौदिया, प्रदेश कांग्रेस सदस्य योगेन्द्र लुम्बा व देवेन्द्र गुप्ता, हरी विजयवर्गीय, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष संगीता रजक आदि ने संबोधित किया।