गुना

चांचौड़ा को जिला बनाने की मांग फिर तेज, रैली निकाल मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

चांचौड़ा . चांचौड़ा को जिला बनाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। गुरुवार को जिला बनाने के समर्थन में क्षेत्रवासियों ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम अमित कुमार सोनी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:02 PM IST
Madhya Pradesh News

चांचौड़ा . चांचौड़ा को जिला बनाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। गुरुवार को जिला बनाने के समर्थन में क्षेत्रवासियों ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम अमित कुमार सोनी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पूर्व सरकार द्वारा चांचौड़ा को जिला घोषित करने के निर्णय को लागू करने और कैबिनेट की अंतिम मंजूरी के साथ जिले की औपचारिक घोषणा करने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि चांचौड़ा प्रशासनिक, भौगोलिक, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और ऐतिहासिक दृष्टि से जिला मुख्यालय बनने की पर्याप्त संभावनाएं रखता है। चांचौड़ा, राघौगढ़, कुंभराज, बीनागंज और मधुसूदनगढ़ क्षेत्र को शामिल कर दो विधानसभा क्षेत्रों और चार तहसीलों के आधार पर नया जिला गठित किया जा सकता है।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि चांचौड़ा में न्यायालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेलवे स्टेशन और राष्ट्रीय राजमार्ग जैसी सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं। एसडीएम और तहसील कार्यालय के नए शासकीय भवन भी निर्माणाधीन हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 से जुड़ाव के साथ दिल्ली, भोपाल, ग्वालियर, कोटा, जयपुर और ब्यावरा जैसे शहरों के लिए सड़क एवं रेल संपर्क होने से यह जिला मुख्यालय के लिए उपयुक्त स्थान है।

कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

ज्ञापन में क्षेत्र की कृषि आधारित पहचान का भी उल्लेख किया गया। चांचौड़ा की मेहंदी और कुंभराज का धनिया अपनी अलग पहचान रखते हैं। पार्वती नदी, तालाबों और जल संग्रहण के अन्य संसाधनों से समृद्ध इस क्षेत्र में जिला बनने से किसानों को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। क्षेत्रवासियों का मानना है कि जिला बनने से कृषि आधारित उद्योगों, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान का भी दिया हवाला

चांचौड़ा दुर्ग, बाग बागेश्वर धाम, दूंदालाजी बड़ा गणेश मंदिर और बीनागंज के शुभोदया जैन मंदिर सहित कई ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल क्षेत्र की पहचान हैं। इसके अलावा शासकीय महाविद्यालय, स्नातकोत्तर महाविद्यालय और विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं की मौजूदगी को भी जिला बनाने की मांग के समर्थन में प्रमुख आधार बताया गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिला मुख्यालय बनने से प्रशासनिक कामों के लिए लोगों को दूर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, उद्योग और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा। उन्होंने शासन से पूर्व में लिए गए जिला गठन के निर्णय को प्राथमिकता से लागू कर चाचौड़ा को जल्द नया जिला घोषित करने की मांग की।

Updated on:
27 Nov 2026, 6:02 PM IST
Published on: