
गुना . जिला अस्पताल परिसर में डॉक्टर की बेकाबू कार से नौ माह की गर्भवती महिला समेत सात लोगों के घायल होने की घटना के बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है। हादसे के बाद भी परिसर में वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पहले की तरह अव्यवस्थित बनी हुई है। मुख्य प्रवेश द्वार पर दो गेट होने के बावजूद एक गेट बंद रहने से आने-जाने वाले वाहनों को एक ही रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। वहीं, गेट के मुहाने पर गड्ढे, नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहन और पैदल मार्गों पर बेतरतीब पार्किंग मरीजों की सुरक्षा के लिए खतरा बनी हुई है।
मुख्य प्रवेश द्वार पर आवागमन के लिए दो बड़े गेट बनाए गए हैं, लेकिन इनमें से एक अक्सर बंद रहता है। ऐसे में अस्पताल में प्रवेश करने और बाहर निकलने वाले ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक और चार पहिया वाहनों को एक ही रास्ते से गुजरना पड़ता है। इससे आमने-सामने वाहनों के फंसने और टकराने की आशंका बनी रहती है। प्रवेश द्वार के ठीक सामने सड़क पर बने गड्ढे और उखड़ी सतह के कारण खासकर दोपहिया और ई-रिक्शा चालकों को वाहन निकालने में परेशानी होती है।
परिसर में निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन नहीं हो रहा है। चार पहिया वाहन नो-पार्किंग जोन और मुख्य रास्तों के किनारे खड़े किए जा रहे हैं। ओपीडी भवन के बाहर, टीन शेड के नीचे और मरीजों के रैंप के आसपास दोपहिया वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे पैदल आवागमन के साथ स्ट्रेचर और व्हीलचेयर से मरीजों को ले जाने में बाधा आती है। आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहती है।
वाहनों की सुरक्षित पार्किंग के लिए लगाए गए लोहे के एंगल कई जगह से उखड़कर झुक गए हैं और उनसे जुड़े तार जमीन पर फैले हुए हैं। इनमें उलझकर मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों के गिरने की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा मुख्य द्वार से लेकर वार्डों के आसपास तक आवारा मवेशियों की आवाजाही भी जारी है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्य द्वार का एक गेट बंद रहने और प्रवेश के पास गड्ढे होने से ई-रिक्शा और बाइक चालकों को एक-दूसरे को रास्ता देने में परेशानी होती है। रैंप और ओपीडी के सामने बाइकें खड़ी रहने से मरीज को स्ट्रेचर पर ले जाने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं मिलती।
रमेश कुशवाह, मरीज परिजन
कार हादसे के बाद भी परिसर में वाहनों की रफ्तार और अव्यवस्थित पार्किंग को ठीक नहीं किया गया है। पैदल रास्ते पर उखड़े लोहे के एंगल, जमीन पर फैले तार और घूमते मवेशियों के कारण बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को लेकर निकलना मुश्किल होता है।
रेखा बाई, अटेंडर
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
27 Nov 2026, 6:24 PM IST
Published on:
27 Nov 2026, 6:24 PM IST
बड़ी खबरें
View Allगुना
मध्य प्रदेश न्यूज़




