
गुना. रेलवे स्टेशन पर पूर्व पार्षद धीरज कुशवाह के साथ मारपीट के मामले में शुक्रवार को कुशवाह समाज ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौपा है। इस ज्ञापन के माध्यम से मारपीट करने वाले आरक्षक और टीसी के खिलाफ गंभीर प्रकरण दर्ज करने और उनको निलंबित करने की भी मांग की गई। उनका कहना है कि यह हमारे साथ गलत हुआ। हमें जल्द ही न्याय चाहिए।
कुशवाह समाज ने यह ज्ञापन प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, मुख्यमंत्री और डीजीपी के नाम दिया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि रेलवे स्टेशन पर पत्नी को छोडऩे गए पूर्व पार्षद के साथ आरक्षक विक्रम सिंह और टीसी मोहन सिंह ने मारपीट की है। उनके साथ आधा दर्जन से अधिक अन्य टीसी और आरक्षक थे। पूर्व पार्षद के साथ मारपीट की और घसीटते हुए कक्ष में ले गए। इससे धीरज को गंभीर चोट आई हैं। समाज ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की।
रेलवे एक्ट में कार्रवाई
वही दूसरी तरफ धीरज कुशवाह पर रेलवे एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। उसके खिलाफ बिना टिकट प्लेट फार्म और कर्मचारी से मारपीट करने का केस दर्ज किया है। साथ ही जल्द कार्रवाई शुरू की जाने की बात कही है।
सीपीआई 15 जुलाई को करेगी प्रदर्शन
आरपीएफ द्वारा की जा रही वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई और हाल ही में पूर्व पार्षद के हुई मारपीट का मामला सामने आया जिसके बाद के बाद भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी भी विरोध के लिए आगे आ गई है। सीपीआई पार्टी द्वारा 15 जुलाई को सुबह 11.30 बजे गुना रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया जाएगा। सीपीआई के जिला सचिव मंडल सदस्य लक्ष्मी नाराण नामदेव ने कहा, आर पी एफ जवानों द्वारा नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है। पूर्व पार्षद के साथ मारपीट करने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की है।