
tte beats passenger without ticket kota indore intercity, स्टेशन पर यात्री से झूमाझटकी करते टीटीई (Source-Patrika)
Guna TTE Passenger Assault: मध्यप्रदेश के गुना में ट्रेनों में चेकिंग स्टॉफ की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। कोटा-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री का टिकिट चेकिंग के दौरान टीटीई से विवाद हो गया। ट्रेन में चेकिंग के दौरान शुरू हुआ यह विवाद चांचौड़ा-बीनागंज रेलवे स्टेशन पर गाड़ी खड़ी होने के बाद गंभीर मारपीट और झूमाझटकी में बदल गया। स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही टीटीई राम स्वरूप मीणा, बृजमोहन मीणा ने उक्त यात्री के साथ न सिर्फ झूमाझटकी की, बल्कि उसकी कॉलर पकड़कर घसीटते हुए ले गए।
इंदौर की ओर जा रही कोटा-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगे के जनरल कोच में कुंभराज स्टेशन से संतोष नामक एक यात्री सवार हुआ था। उक्त यात्री के पास टिकिट नहीं था, तभी चेकिंग स्टॉफ टिकिट चेक करते हुए उक्त यात्री के पास पहुंचा तो वहां टिकिट नहीं होने को लेकर यात्री व चेकिंग स्टॉफ के बीच कहासुनी हो गई। इस पर टीटीई राम स्वरूप मीणा व मनमोहन मीणा ने उक्त यात्री के साथ झूमाझटकी कर दी। तभी ट्रेन चांचौड़ा- बीनागंज स्टेशन पर आकर खड़ी हो गई। चेकिंग स्टॉफ उक्त यात्री की कॉलर पकड़कर ट्रेन से नीचे खींच ले गया और उसके साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि झूमाझटकी करते हुए उसे कॉलर पकड़कर खींचकर स्टेशन की ओर ले गए।
इस घटना के वायरल वीडियो ने ट्रेनों में चेकिंग के नाम पर यात्रियों से होने वाली अभद्रता और मारपीट की घटना ने चेकिंग स्टॉफ की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहला यह कि, यदि किसी यात्री के पास टिकिट नहीं था तो चेकिंग स्टॉफ को उनके साथ मारपीट व झूमाझटकी करने की बजाय सिर्फ जुर्माना लगाकर रसीद काटनी थी? लेकिन ऐसा नहीं किया। दूसरा, बगैर जीआरपी व आरपीएफ फोर्स को साथ लिए चेकिंग क्यों और किस लिए की गई? इसका जवाब अब जिम्मेदारों के पास भी नहीं है।
गुना के सीटीआइ राजकुमार मीणा का कहना है कि, मैं अभी अवकाश पर हूं, राजस्थान आया हुआ हूं। आप वीडियो मुझे भेजिए, हम पता करते हैं कि, गुना का हमारा कौन-कौन स्टॉफ आज चेकिंग पर गया था और क्यों व कैसे यह घटना हुई है।
Updated on:
30 Oct 2026, 7:03 PM IST
Published on:
30 Oct 2026, 7:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.