
गुना. सेवाभाव कभी खाली नहीं जाता, ईश्वर भी उसका सम्मान करता है। हम तो माध्यम भर हैं, काम तो कोई और करा रहा है। यदि हम यह ध्यान रखें तो काम का महत्व और बढ़ जाता है। यह बात 24 साल पहले जिले में पुलिस अधीक्षक रहे एवं वर्तमान में विशेष डी.जी. (पुलिस रिफार्म) मैथिली शरण गुप्त ने लायंस व लायनेस क्लब के पदस्थापना समारोह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने बीती यादों को ताजा करते हुए जम्मू कश्मीर में उस समय आतंक वादियों को हीरो से जीरो बनाने का कार्य हमने किया। उनकी आर्थिक कमर इस कदर टूट गई थी कि वे एक समय का भोजन तीन-तीन समय में कर पा रहे थे। वर्तमान माहौल पर उन्होंने कहा कि आज हर कहीं नकारात्मकता हावी है, जिससे बाहर निकलने पर ही सपनों का भारत बन सकेगा। यह सपनों का भारत बिल्कुल वैसा होगा, जैसा आप चाहते हैं या जिसका सपना आपने देखा है। कार्यक्रम का शुभारंभ निवर्तमान अध्यक्ष रविन्द्र जैन द्वारा क्लब की परंपरा अनुसार किया गया।
इसके बाद उन्होंने वर्ष भर मिले सहयोग के लिए क्लब के सदस्यों को अध्यक्षीय पुरस्कार अतिथियों से प्रदान कराए। निवर्तमान सचिव राजेश सिंघल ने वर्ष भर के सेवा कार्यों का ब्यौरा दिया। शपथ विधि अधिकारी के रूप में पूर्व प्रांतपाल डॉ. विष्णु गोयल ने नई टीम को शपथ दिलाई और रीजन चेयरमेन विजय चौधरी व जोन चेयरमेन वीरेन्द्र जैन अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में क्लब की पत्रिका समर्पण का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। वहीं क्लब के सदस्य संजीव माहेश्वरी ने क्लब द्वारा प्रकाशित केलेन्डर का विमोचन करवाया। अंत में सचिव रजनीश शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। लायंस नैत्र चिकित्सालय के चेयरमेन सुनील अग्रवाल शुभम ने चिकित्सालय के संबंध में जानकारी दी। इस मौके पर नए अध्यक्ष परमानंद राठी, लायनेस अध्यक्ष अंजना सिंघल व भावना माहेश्वरी सहित टीम उपस्थित रही।